शहडोल को मिला नया नेतृत्व: आईएएस पार्थ जायसवाल ने संभाली कलेक्टर की कमान |
शहडोल - शहडोल जिले को आज नया प्रशासनिक नेतृत्व मिला। वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी श्री पार्थ जायसवाल ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर जिले के नवागत कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद श्री जायसवाल ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की प्रमुख योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती निमिषा पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। श्री पार्थ जायसवाल वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे छतरपुर कलेक्टर, जिला पंचायत शहडोल एवं सिवनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।जिलेवासियों को उम्मीद है कि नवागत कलेक्टर के नेतृत्व में शहडोल में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनहित से जुड़े कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन होगा।