रेत की लूट पर बवाल: वायरल वीडियो में भाजपा नेता की धमकी, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

रेत की लूट पर बवाल: वायरल वीडियो में भाजपा नेता की धमकी, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

शहडोल - जिले में रेत का वैध ठेका नहीं होने के बावजूद कथित अवैध खनन और परिवहन का खेल खुलेआम जारी होने के आरोप हैं। ब्यौहारी और जयसिंहनगर की सीमा पर स्थित सौता गांव में झापर नदी से दिनदहाड़े रेत निकालने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का दावा है कि नदी से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैक्टर रेत निकालकर गांव में एकत्र करते हैं और बाद में जेसीबी से हाईवा वाहनों में लोड कर जिले से बाहर भेजी जाती है।मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीणों से विवाद के दौरान एक व्यक्ति को कथित तौर पर धमकाते हुए देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने उसकी पहचान ब्यौहारी के राकेश उर्फ लाला तिवारी के रूप में की है। ग्रामीणों का दावा है कि संबंधित व्यक्ति के वाहन पर ‘अध्यक्ष भाजपा मंडल टिहकी’ लिखा हुआ था। हालांकि, वीडियो और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।स्कूल के सामने से गुजरते ट्रैक्टर, विरोध पर विवाद,ग्रामीण अजय कुमार सिंह के अनुसार स्कूल के सामने से रेत से लदे ट्रैक्टर दिनभर गुजरते हैं। ग्रामीणों ने चालकों से केवल इतना कहा था कि स्कूल के पास बच्चे और सड़क पर ग्रामीण रहते हैं, इसलिए वाहन सावधानी से चलाएं। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और ट्रैक्टर चालकों ने राकेश उर्फ लाला तिवारी को मौके पर बुला लिया। इसके बाद ग्रामीणों को धमकाने का आरोप लगाया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।ग्रामीण नरेंद्र यादव का आरोप है कि झापर नदी से 40 से अधिक ट्रैक्टर रोजाना रेत निकाल रहे हैं। उनका कहना है कि रेत को गांव के आसपास एकत्र करने के बाद जेसीबी से हाईवा में लोड कर बाहर भेजा जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में अभी भी बड़ी मात्रा में रेत का कथित अवैध भंडारण मौजूद है।

ग्रामीणों का आरोप- शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस और खनिज विभाग को शिकायतें कीं, लेकिन मौके पर कार्रवाई नहीं हुई। अजय सिंह के मुताबिक पुराने वीडियो भी अधिकारियों तक पहुंचाए गए थे। कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने अब नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत के इस कथित कारोबार को एक प्रभावशाली स्थानीय भाजपा नेता का संरक्षण प्राप्त है। हालांकि, संरक्षण के आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।दो सरकारी कर्मचारियों की मौत के बाद भी नहीं थमा खेल

शहडोल जिले में रेत के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में पहले पटवारी और सहायक उप निरीक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि नदी से रेत की कथित चोरी पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। यही वजह है कि अब दिनदहाड़े हो रहे खनन और वायरल वीडियो को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।खनिज अधिकारी बोले- शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई करेंगे,मामले में जिला खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य से बात की गई तो उन्होंने कहा, “हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आएगी तो हम कार्रवाई करेंगे।”

Post a Comment

Previous Post Next Post