आपदा पीड़ितों को राहत के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं, प्रशासन गांव-गांव जाकर करे सर्वे : ममता तिवारी

आपदा पीड़ितों को राहत के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं, प्रशासन गांव-गांव जाकर करे सर्वे : ममता तिवारी

नईगढ़ी। जनपद पंचायत नईगढ़ी की अध्यक्ष श्रीमती ममता कुंज बिहारी तिवारी ने प्राकृतिक आपदा एवं फसल नुकसान से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत दिलाने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, आयुक्त रीवा संभाग एवं कलेक्टर मऊगंज से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष मैदानी सर्वे अभियान चलाकर पात्र परिवारों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की।

जनपद अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपनी परेशानी से अवगत कराया। ग्रामीणों के अनुसार बारिश, बाढ़, फसल नुकसान या अन्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित होने के बाद सहायता के लिए उन्हें आवेदन, दस्तावेज और फोटो कॉपी लेकर बार-बार तहसील एवं संबंधित सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार लंबी प्रक्रिया के बावजूद पीड़ित परिवारों को समय पर राहत नहीं मिल पाती।

श्रीमती तिवारी ने कहा कि जिस परिवार ने आपदा में अपना घर, गृहस्थी या फसल गंवाई है, उसे अपनी परेशानी साबित करने के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों में जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे समय में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं प्रभावित परिवारों तक पहुंचे।

उन्होंने मांग की कि राजस्व एवं संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित गांवों में भेजी जाएं और घर-घर जाकर सर्वे किया जाए। मौके पर पंचनामा तैयार कर फसल, मकान, गृहस्थी तथा अन्य नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए। इसके बाद शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र परिवारों के बैंक खातों में सहायता राशि जल्द पहुंचाई जाए।

जनपद अध्यक्ष ने कहा, “यदि सरकार और प्रशासन वास्तव में आपदा पीड़ितों को राहत देना चाहता है तो पीड़ितों को कार्यालय बुलाने के बजाय प्रशासन को उनके दरवाजे तक पहुंचना चाहिए।”उन्होंने मुख्यमंत्री, रीवा संभाग आयुक्त एवं कलेक्टर मऊगंज से विशेष सर्वे अभियान चलाकर समयबद्ध राहत वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post