ऑपरेशन प्रहार 2.0 में बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 1,410 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद

ऑपरेशन प्रहार 2.0 में बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 1,410 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद

रीवा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने कार से 1,410 शीशी अवैध ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक जब्त कफ सिरप और कार की कुल कीमत 13 लाख 93 हजार रुपये से अधिक है। पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार 2.0 चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मनगवां थाना पुलिस को इंटर-गुढ़ रोड पर नशीली कफ सिरप की खेप ले जाने की सूचना मिली थी।

इंटर-गुढ़ रोड पर कार रोककर तलाशी

मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात इंटर-गुढ़ रोड पर संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से बड़ी संख्या में कफ सिरप की शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने गिनती कराई तो कुल 1,410 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। आरोपी की पहचान रवेंद्र सिंह उर्फ पप्पू, निवासी बाणसागर कॉलोनी, रीवा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद कफ सिरप और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

कहां से आई नशीली सिरप, किसे होनी थी सप्लाई?

इतनी बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद होने के बाद पुलिस अब इसके सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि आरोपी इतनी बड़ी खेप कहां से लेकर आया था और इसे रीवा या आसपास के किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।

13.93 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

कार्रवाई में नशीली कफ सिरप और लग्जरी कार सहित कुल 13 लाख 93 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा एवं एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। मनगवां पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post