| मुस्लिम समाज ने नाजिया इलाही खान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन |
शहडोल - धनपुरी नगर में शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने नाजिया इलाही खान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने एवं कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर धनपुरी थाना पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। इस दौरान ज्ञापन की एक प्रति तहसीलदार को भी सौंपी गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नाजिया इलाही खान द्वारा समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के महापुरुषों एवं पूजनीय व्यक्तित्वों के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने आए प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज में सौहार्द और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी धर्म के पूजनीय व्यक्तित्व के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का साहस न कर सके। इस अवसर पर अंजुमन कमेटी, अंजुमन नूरी मस्जिद, मदीना जामा मस्जिद, मस्जिद बिलाल, मस्जिद रजा गौस, तबलीगी जमात सहित मुस्लिम समाज के अनेक जिम्मेदार पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। धनपुरी थाना प्रभारी एवं तहसीलदार ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि शिकायत का परीक्षण कर कानून के अनुसार जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।