| विंध्य में दहशत फैलाने से पहले रीवा पुलिस का शिकंजा: मिला अब तक का सबसे बड़ा हथियारों का जखीरा |
रीवा: विंध्य क्षेत्र को दहलाने की एक बड़ी साजिश को रीवा पुलिस ने नाकाम कर दिया है। नशे के सौदागरों के बाद अब अवैध हथियारों के तस्करों पर आईजी और एसपी ने कड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने विंध्य क्षेत्र के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा अवैध हथियारों का जखीरा बरामद करते हुए दो शातिर सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 चमचमाती सील पैक पिस्टल जब्त की गई हैं।
आईजी की सूचना पर बड़ा एक्शन आईजी गौरव राजपूत को मुखबिर से हथियारों की इस बड़ी खेप की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी डॉ. गुरकरण सिंह के कड़े निर्देश पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। सीएसपी ऋतु उपाध्याय, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह और आईजी साइबर सेल प्रभारी मृगेंद्र सिंह की टीम ने घेराबंदी कर तस्करों को दबोच लिया।
इंदौर से जुड़े हैं तार शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अवैध हथियारों की इस बड़ी सप्लाई का नेटवर्क इंदौर से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन सील पैक पिस्टलों को विंध्य में किन अपराधियों तक पहुँचाया जाना था। इस बड़ी कामयाबी से रीवा पुलिस ने विंध्य में गैंगवार और दहशत की बड़ी साजिश को वक्त रहते कुचल दिया है।