![]() |
| कलेक्टर श्री जैन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न |
हरदा - कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ मिलकर क्षेत्र का भ्रमण कर सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करें। साथ ही उनकी 4 जांचें अनिवार्य रूप से कराएं। उच्च जोखिम वाली महिलाओं का उचित मेनेजमेन्ट करें तथा हर गर्भवती महिला का फॉलोअप लें। उन्होने निर्देशित किया कि भ्रमण के दौरान चिन्हांकित कुपोषित व अतिकुपोषित श्रेणी के बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में अनिवार्य रूप से भर्ती कराएं। सभी बीएमओ जूम मिटिंग के माध्यम से प्रत्येक तीन से चार दिवस में यूवीन एवं एचआईएमएस का डाटा कलेक्शन की मॉनिटरिंग करें। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विवेक शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और अस्पतालों में दवाओं एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
