![]() |
| जिले में प्रारंभ हुआ मूंग उपार्जन का कार्य कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने किसानों के साथ तौल कांटों का पूजन कर किया उपार्जन का शुभारंभ |
नर्मदापुरम - जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग उपार्जन का विधिवत शुभारंभ बुधवार को इटारसी स्थित नीलम वेयरहाउस से किया गया। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने पूजा-अर्चना के साथ खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया तथा किसानों के साथ तौल कांटों का पूजन कर स्वयं बोरी उठाकर तौल कांटे पर रखी और उपार्जन की औपचारिक शुरुआत की। शुभारंभ के उपरांत कलेक्टर श्री मिश्रा ने उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसान हितैषी तरीके से संचालित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को पंजीयन, तौल, परिवहन, भुगतान अथवा अन्य किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक समस्या का मौके पर ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि जिले में चरणबद्ध तरीके से सभी मूंग उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। वर्तमान में कुछ केंद्रों पर खरीदी शुरू हो चुकी है तथा गुरुवार शाम तक जिले के सभी उपार्जन केंद्र पूर्ण क्षमता के साथ संचालित होने लगेंगे। उन्होंने बताया कि उपार्जन केंद्रों पर भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जिन गोदामों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहीं खरीदी कराई जा रही है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वर्तमान में वर्षा ऋतु को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मूंग की बोरियों को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल, शेड एवं अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे किसानों की उपज सुरक्षित रहे और उसकी गुणवत्ता बनी रहे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध उपार्जन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तौल व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण, भंडारण सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। किसानों ने भी प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया सुचारु एवं बिना किसी परेशानी के संपन्न होगी। इस अवसर पर इटारसी एसडीएम श्री नीलेश शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी, तहसीलदार श्रीमती सुनीता साहनी, वेयरहाउसिंग डीएम श्री वासुदेव दवांडे, उपसंचालक कृषि श्री रविकांत सिंह, डीआरसीएस श्री शिवम मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Tags
narmadapuram
