रिश्तों का कत्ल! शराबी नाती ने बाबा को लाठियों से पीटा, इलाज के दौरान मौत

रिश्तों का कत्ल! शराबी नाती ने बाबा को लाठियों से पीटा, इलाज के दौरान मौत

रीवा - जिले के पनवार थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने पहले अपनी दादी से मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे बाबा पर लाठियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी नाती को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम चौर (शुक्लान टोला) की है। पुलिस के अनुसार आरोपी शिवम उर्फ शिवा कोल शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी दादी से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे बाबा नंदलाल कोल पर आरोपी ने लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में दादी और बाबा दोनों घायल हुए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान नंदलाल कोल की मौत हो गई। घटना के बाद हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित की और महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post