| जवा में स्वास्थ्य, सफाई और आवारा पशुओं की बदहाली पर बरसे कांग्रेस जिला सचिव तरुणेंद्र द्विवेदी, सरकार को घेरा |
रीवा: सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के जवा ब्लॉक में व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कमेटी के जिला सचिव तरुणेंद्र द्विवेदी ने एक बार फिर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरी है। उन्होंने जवा क्षेत्र में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था, बदहाल सड़कें, नियम विरुद्ध खुली शराब दुकान और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन समेत मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तीखा हमला बोला है।
कीचड़ में तब्दील जवा बाजार, स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे तरुणेंद्र द्विवेदी ने कहा कि जवा ब्लॉक के कई गांवों की हालत यह है कि थोड़ी सी बारिश होते ही लोगों का चलना मुश्किल हो जाता है। वर्तमान में जवा बाजार का नजारा देखने लायक है, जहां चारों तरफ कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा है। बारिश के दिनों में जलभराव इस कदर हो जाता है कि बच्चों का स्कूल जाना तक बंद हो जाता है। जनपद परिसर और बाजार में घुटनों तक पानी भर जाता है।
अस्पतालों में ताले, नियम विरुद्ध खुली शराब दुकान द्विवेदी ने कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जवा स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डॉक्टर पदस्थ नहीं है। गंभीर मरीजों को सीधे रीवा रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने जवा में तुरंत एक महिला डॉक्टर समेत अन्य डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने डभौरा, चौखंडी, कोनी, जनकहाई और पटेहरा जैसे उपस्वास्थ्य केंद्रों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ केवल भवन खड़े हैं, डॉक्टर गायब हैं। उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर बजरंगबली मंदिर से महज 40 मीटर की दूरी पर खुली शराब दुकान को भी हटाने की मांग की।
आवारा पशुओं से परेशान किसान, सरकार से सवाल कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सीधा सवाल किया कि रीवा जिले में आवारा पशुओं की क्या व्यवस्था की गई है?
उन्होंने कहा कि सरकार खुद को किसानों की हितैषी बताती है, लेकिन आज किसान बारिश की अंधेरी रातों में सांप-बिच्छू के डर के बीच खेतों की मेड़ पर जागकर फसल बचाने को मजबूर है। सरकारी गौशालाएं खाली पड़ी हैं और आवारा पशु फसलों को तबाह कर रहे हैं। द्विवेदी ने चेतावनी दी कि यदि इन जनसमस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।