| जवा पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; ₹80 हजार के सोने-चांदी के जेवर बरामद |
रीवा - रीवा जिले की जवा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹80 हजार कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामला 14 जुलाई 2026 का है, जब फरियादिया अरुणा देवी कोल, पति अरविंद कोल, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पल्लऊवा, थाना जनेह, जिला रीवा ने थाना जवा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह जवा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में परिवार के साथ रहती हैं। घटना वाले दिन वह किसी आवश्यक कार्य से घर के बाहर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और अज्ञात चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं।
शिकायत के आधार पर थाना जवा में अपराध क्रमांक 171/26 के तहत धारा 331(3) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹80 हजार बताई गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार वर्मा उर्फ राहुल (32 वर्ष), पिता मुन्नालाल वर्मा तथा आदित्य मिश्रा (20 वर्ष), पिता अमित कुमार मिश्रा, दोनों निवासी ग्राम पथरौड़ा, थाना जवा, जिला रीवा के रूप में की है। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस चोरी की वारदात में आदर्श उर्फ मुन्नू द्विवेदी (20 वर्ष), पिता वीरेंद्र द्विवेदी, निवासी ग्राम पथरौड़ा भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक रन्नू देवी, उपनिरीक्षक अखिलेश्वर सिंह, आरक्षक सूरज सिंह, वेद प्रकाश वर्मा एवं अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।