देश के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों को चूना लगाने वाला 'नटवरलाल' रायपुर पुलिस की गिरफ्त में

देश के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों को चूना लगाने वाला 'नटवरलाल' रायपुर पुलिस की गिरफ्त में

रायपुर - पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक ऐसे अंतराजीय महाठग को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसके निशाने पर सिर्फ और सिर्फ देश के महंगे 'फाइव स्टार' होटल होते थे। खुद को फॉरेनर गाइड, इंग्लिश टीचर और योगा टीचर बताकर देश भर के 300 से अधिक प्रतिष्ठित होटलों में चोरी और धोखाधड़ी करने वाले इस शातिर आरोपी बिंगसन जॉन को पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से घेराबंदी कर दबोचा है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त मॉनिटरिंग में घटना के महज 72 घंटे के भीतर अंजाम दी गई।

रायपुर के होटल हयात को लगाया था चूना मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि तेलीबांधा स्थित प्रसिद्ध 'होटल हयात' के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 25 जून 2026 को आरोपी बिंगसन जॉन होटल के एक वीआईपी कमरे में आकर ठहरा था। इसके बाद 27 जून की सुबह करीब 07:44 बजे वह बिना किसी को बताए और बिना चेक-आउट प्रक्रिया पूरी किए चुपके से फरार हो गया।

भागते समय आरोपी ने न केवल होटल का ₹63,755 का बिल बकाया छोड़ दिया, बल्कि होटल प्रबंधन से विशेष अनुरोध पर काम के लिए मांगे गए ₹1,48,000 कीमती लैपटॉप को भी अपने साथ चुरा ले गया। होटल द्वारा संपर्क करने पर उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। प्रार्थी की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 284/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

तकनीकी विश्लेषण से भुवनेश्वर में मिला सुराग मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम ने आरोपी द्वारा होटल में दिए गए दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) किया। इस दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली। रायपुर पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत ओडिशा रवाना हुई और भुवनेश्वर के एक ठिकाने से 69 वर्षीय आरोपी बिंगसन जॉन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया है।

कुख्यात ठग 'चार्ल्स शोभराज' का है फैन कड़ी पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासे किए, उसने पुलिस अफसरों को भी हैरान कर दिया। मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन का रहने वाला बिंगसन जॉन साल 1990 से ही इस अपराध जगत में सक्रिय है। वह अब तक देश के अलग-अलग राज्यों की जेलों में करीब 15 साल काट चुका है। साल 1996 में वह पहली बार दिल्ली की तिहाड़ जेल गया था, जहां वह कई बड़े अपराधियों के संपर्क में आया।

वह अंतरराष्ट्रीय अपराधी और शातिर ठग 'चार्ल्स शोभराज' के तौर-तरीकों से बेहद प्रभावित था। वह फर्राटेदार अंग्रेजी बोलकर खुद को बड़ा प्रोफाइल का व्यक्ति दिखाता था। उसका अजीबोगरीब रिकॉर्ड रहा है कि वह या तो देश की बड़ी जेलों में रहता था या फिर जेल से छूटते ही किसी फाइव स्टार होटल में ऐश-ओ-आराम की जिंदगी बसर करता था और अंत में वहां चोरी कर भाग जाता था। रायपुर पुलिस अब इसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के लिए अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क साध रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post