'सड़क पर कब्जा पड़ा महंगा' : निगम का एक्शन, आहूजा बंधु पर ₹25 हजार का जुर्माना

'सड़क पर कब्जा पड़ा महंगा' : निगम का एक्शन, आहूजा बंधु पर ₹25 हजार का जुर्माना

रीवा - शहर में सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर आम लोगों की आवाजाही बाधित करना अब भारी पड़ सकता है। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर अर्जुन नगर मोहल्ले में सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण करने के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए आहूजा बंधु पर ₹25 हजार का जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर रखी बालू, ईंट और सरिया भी हटवाया गया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली।

जानकारी के अनुसार अर्जुन नगर मोहल्ले में भवन निर्माण के दौरान सड़क के बीचों-बीच बालू, ईंट और सरिया रख दिए गए थे। इससे पिछले एक सप्ताह से मोहल्लेवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय नागरिकों ने इसकी शिकायत नगर निगम में की, जिसके बाद नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी राजू द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए निर्माण सामग्री हटवाई तथा संबंधित पक्ष पर ₹25 हजार का जुर्माना लगाया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के कई इलाकों से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि भवन निर्माण के दौरान लोग सार्वजनिक सड़कों पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित कर देते हैं। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी परेशानी का कारण बनता है।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक सड़क या मार्ग पर भवन निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल निगम प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post