| 'बहनों की शादी हिंदुओं से हुई...' लव जिहाद के आरोपों पर आमिर खान का तीखा पलटवार, फतवे और 100 करोड़ी बंगले पर भी तोड़ी चुप्पी! |
मुंबई - गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी रचाने के बाद चौतरफा विवादों और तीखे राजनीतिक बयानों से घिरे बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे द्वारा 'लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर' कहे जाने और हिंदू-मुस्लिम दोनों पक्षों की ओर से मिल रहे विरोध के बाद, 61 वर्षीय अभिनेता ने अपने परिवार का सच सामने रखकर ट्रोलर्स और आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
शादी पर एक तरफ 'लव जिहाद' का आरोप, दूसरी तरफ फतवा
आमिर खान की इस तीसरी शादी को लेकर देश में एक अजीब स्थिति बन गई है। जहां एक तरफ बजरंग दल जैसे हिंदू संगठनों ने उन पर 'लव जिहाद' का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी तरफ मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता के शाही मुफ्ती मौलाना इब्राहिम हुसैन ने उनके खिलाफ फतवा जारी कर इस शादी को 'हराम' करार दे दिया है। मौलाना का तर्क है कि इस्लामिक कानून के तहत कोई मुस्लिम पुरुष किसी गैर-मुस्लिम महिला से तब तक निकाह नहीं कर सकता जब तक वह इस्लाम कबूल न कर ले।
आमिर खान का करारा जवाब: 'मेरी बहनों ने हिंदुओं से शादी की'
इन तमाम गंभीर और तीखे आरोपों का जवाब देते हुए आमिर खान ने अपने पारिवारिक इतिहास का हवाला दिया। आमिर ने कहा, "मेरा परिवार हमेशा से बेहद उदार और सभी धर्मों का सम्मान करने वाला रहा है। मेरी दोनों बहनों और मेरी बेटी की शादी हिंदू परिवारों में हुई है, जबकि मेरे कजिन मंसूर ने एक ईसाई महिला से शादी की है। मिर ने आगे स्पष्ट किया कि उनकी किसी भी पत्नी (रीना, किरण या गौरी) ने उनसे शादी करने के लिए कभी अपना मजहब नहीं बदला, क्योंकि ये सभी शादियां स्पेशल मैरिज एक्ट (सिविल मैरिज) के तहत हुई थीं। उन्होंने यह भी बड़ा खुलासा किया कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी हिंदू नहीं बल्कि एक ईसाई महिला हैं।
100 करोड़ के स्काईविला की अफवाहों पर भी दी सफाई
शादी के विवाद के अलावा, मीडिया में उड़ रही उन अफवाहों पर भी आमिर ने स्थिति साफ की, जिसमें दावा किया जा रहा था कि वे मुंबई के पाली हिल में 100 करोड़ रुपये का आलीशान 'स्काईविला' बनवा रहे हैं। इन खबरों को खारिज करते हुए आमिर ने बताया कि वे कोई नया महल नहीं खड़ा कर रहे हैं, बल्कि उनकी हाउसिंग सोसाइटी के सभी 24 सदस्यों की सहमति से उनके मौजूदा अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स का सामान्य रीडेवलपमेंट हो रहा है।