| 'चौहान' का फर्स्ट लुक आउट: अजय देवगन और आनंद एल राय का बड़ा धमाका, रौंगटे खड़े कर देगा दमदार डायलॉग |
मुंबई - बॉलीवुड के 'सिंघम' यानी अजय देवगन एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने के लिए तैयार हैं। उनके करियर की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित मास-एक्शन फिल्मों में से एक का आधिकारिक टाइटल आखिरकार सामने आ गया है, जिसका नाम 'चौहान' रखा गया है। फिल्म मेकर्स ने इस दमदार टाइटल का अनाउंसमेंट अजय देवगन के पिता और बॉलीवुड के लेजेंड्री एक्शन डायरेक्टर दिवंगत वीरू देवगन की जयंती पर उन्हें याद करते हुए किया है। इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच इसलिए भी भारी उत्साह है क्योंकि सिनेमा जगत के दो दिग्गज— मास-एक्शन किंग अजय देवगन और अनूठी कहानियां बुनने वाले फिल्ममेकर आनंद एल राय— पहली बार एक साथ काम कर रहे हैं। इस मेगा प्रोजेक्ट को जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस मिलकर पेश कर रहे हैं।
रोंगटे खड़े कर देने वाला फर्स्ट लुक वीडियो
रिलीज हुए अनाउंसमेंट वीडियो की शुरुआत ही बेहद उग्र, तनावपूर्ण और खतरनाक प्रदर्शन की झलकियों से होती है, जो किसी बड़े पॉलिटिकल या मिलिट्री क्राइसिस की ओर इशारा करती है। वीडियो के बैकग्राउंड में एक भारी आवाज गूंजती है, "चौराहे पर 300 लड़के थे, लेकिन घर सिर्फ 270 ही पहुंचे... यानी 30 लड़के अब भी कम हैं।" इसके तुरंत बाद अजय देवगन की रौबदार आवाज एंट्री लेती है, "गलती हमारी नहीं थी, ऑर्डर्स ऊपर से आए थे। ईंट का जवाब पत्थर से... और सामने वाला सीधा पत्थर ही उठा ले तो जवाब क्या?"
डायलॉग्स में छुपा है बड़ा सस्पेंस
टीज़र में दिखाए गए विजुअल्स और अजय के डायलॉग्स कहानी की गंभीरता को बयां करते हैं। वह आगे कहते हैं, "टियर गैस मास्क आजकल ऑनलाइन बिकते हैं। पैलेट गन्स लिमिटेड डैमेज... 15 लाख फौजी और 35 हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट... उसके बाद भी पत्थर का जवाब नहीं!" इस गंभीर माहौल के बीच अचानक वीडियो में एक बड़ा ट्विस्ट आता है और अमिताभ बच्चन का कल्ट गाना 'जुम्मा चुम्मा दे दे' बजने लगता है। इसी स्वैग के साथ अजय देवगन का आइकॉनिक डायलॉग गूंजता है, "जवाब आ रहा है... पठानों से कहना, चौहान आ रहा है।"
कब देगी सिनेमाघरों में दस्तक?
नीरज यादव के निर्देशन और ज्योति देशपांडे, आनंद एल राय व हिमांशु शर्मा के प्रोडक्शन में बन रही यह हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म 1 अक्टूबर 2027 को सीधे बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। फर्स्ट लुक के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच 'चौहान' को लेकर दीवानगी देखने को मिल रही है और इसे अभी से साल 2027 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर माना जा रहा है।