![]() |
| शाजापुर; जिला अधिकारी जनकल्याण शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें- कलेक्टर सुश्री बाफना |
शाजापुर - कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में आज समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर सुश्री बाफना ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को विकासखण्ड मुख्यालयों में 12 जून से 18 जून 2026 की अवधि में आयोजित किये जा रहे जनकल्याण शिविरों में उपस्थित रहने तथा विभागीय योजनाओं, सेवाओं, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनका लाभ उठा सकें।
समान नागरिक संहिता के लिए सुझाव आमंत्रित
कलेक्टर सुश्री बाफना ने बताया कि समान नागरिक संहिता के बारे में 22 जून 2026 तक सुझाव आमंत्रित लिये जा रहे हैं, इच्छुक नागरिक वेबसाइट https://ucc.mp.gov.in/home के माध्यम से अपने सुझाव प्रस्तुत कर सकते हैं।
नागरिकगण ऐतिहासिक पांडुलिपियां की जानकारी साझा करें
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने ज्ञान भारतम् पांडुलिपि सर्वेक्षण मिशन के अंतर्गत नागरिकगणों से अपील की है कि यदि उनके पास अथवा उनके संज्ञान में लगभग 75 वर्ष या उससे अधिक पुराने हस्तलिखित दस्तावेज, ग्रंथ, वंशावली, धार्मिक अथवा ऐतिहासिक पांडुलिपियां उपलब्ध हों तो उनकी जानकारी साझा करें। यह अभियान भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जन अभियान परिषद जिला समन्वयक श्री विष्णु प्रसाद नागर (मो. 9131134569) से संपर्क किया जा सकता है।
21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां करें
कलेक्टर सुश्री बाफना ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की आवश्यक तैयारियां अभी से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
उर्वरक केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री बाफना ने सभी राजस्व अधिकारियों, कृषि, सहकारिता को नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्र के उर्वरक केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखने, वर्षाकाल से पूर्व प्राप्त सभी सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिये कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत दी जा रही सेवाओं जैसे- सीमांकन, बटवारा, नामांतरण में प्राप्त प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि में करें।
वर्षा के पूर्व नालियों की साफ-सफाई कराएं
कलेक्टर सुश्री बाफना ने जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को रूफ हार्वेस्टिंग सिस्टम के लक्ष्यों की पूर्ति करने, जलकर, संपत्ति कर सहित अन्य करों की वसूली में तेजी लाने, वर्षा के पूर्व नदी-नालियों की साफ-सफाई कराने, जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिये कि विशेष अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ प्रदान करें। साथ ही उन्होंने पीएम आवास योजना 2.0 (शहरी) अंतर्गत प्राप्त लक्ष्यों की पूर्ति कराने तथा जीर्ण-शीर्ण भवनों को चिन्हांकन कर डिस्मेंटल कराने व सभी के निर्देश भी दिये।
रोड रेस्टोरेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण करें
कलेक्टर सुश्री बाफना ने जल निगम के अधिकारी को निर्देश दिये दिये कि अवागमन में नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए रोड रेस्टोरेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। साथ ही उन्होंने सभी नगरीय निकाय के सीएमओ, जनपद पंचायत सीईओ को रेस्टोरेशन किये जाने वाले कार्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
स्वास्थ्य केन्द्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करें
कलेक्टर सुश्री बाफना ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ को नियमित रूप से स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण करने तथा सिविल सर्जन को भर्ती मरीजों को भोजन मैन्यू अनुसार देने, एनआरसी वार्ड को एमसीएच नवीन भवन में स्थानांतरित करने, डायलिसिस वार्ड को शिफ्ट करने, जनकल्याण शिविर के दौरान एनसीडी कैम्प लगाने, जिला चिकित्सालय में ईलाज कराने आए मरीजों का आयुष्मान कार्ड बनाने एवं उनका ईलाज कराने सहित अन्य निर्देश दिये।
अभियान चलाकर विद्यलयों में संलग्न वाहनों की जाँच करें
कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में अभियान चलाकर संलग्न सभी वाहनों के फिटनेस, बीमा, डाईवरों के लाससेस आदि की जाँच करने तथा नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर नियमित रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार
कलेक्टर सुश्री बाफना ने समस्त दुर्घटना संभावित मार्गों/स्थलों पर राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लैक्स-बैनर एवं जागरूकता संबंधी सूचना बोर्ड लगवाने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ढाबा एवं होटलों पर फर्स्ट एड किट रखने तथा जिला होमगार्ड, यातायात प्रभारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से ढाबा एवं होटल के कर्मचारियों को सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार संबंधी अन्य प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए।
वसूली में प्रगति लाएं
कलेक्टर सुश्री बाफना ने सहकारिता विभाग की समीक्षा कर धारा-85 के प्रकरणों की वसूली में प्रगति लाने के निर्देश दिये। कलेक्टर सुश्री बाफना ने महिला एवं बाल विकास विभाग को अपूर्ण आंगनवाड़ी भवनों को जल्द पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए। पशु पालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी को विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति करने के निर्देश दिये। कलेक्टर सुश्री बाफना ने उन्होंने मिशन अंकुर अंतर्गत कार्यवाही करने, सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतें का निराकरण करने, समग्र ईकेवायसी में प्रगति लाने एवं अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर प्रभारी जिला पंचायत सीईओ एवं अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर सुश्री मनीषा वास्कले, अनुविभागीय अधिकारी गुलाना सुश्री नेहा गंगारे, डिप्टी कलेक्टर श्री आलोक वर्मा व श्रीमती अंकिता पाटकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
आजतक 24 के प्रशासन से सवाल
1. कलेक्टर को अधिकारियों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश क्यों देने पड़े? क्या पिछले शिविरों में अधिकारियों की अनुपस्थिति या केवल औपचारिक उपस्थिति की शिकायतें मिली थीं? यदि हां, तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई?
2. उर्वरक केंद्रों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। जिले में पिछले खरीफ और रबी सीजन में खाद की कमी, कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूलने की कितनी शिकायतें मिली थीं और उनमें कितने मामलों में वास्तविक कार्रवाई हुई?
3. जल निगम को रोड रेस्टोरेशन का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। क्या प्रशासन यह बताएगा कि जिले में पाइपलाइन या अन्य कार्यों के कारण खोदी गई कितनी सड़कें अभी भी अधूरी पड़ी हैं, और नागरिकों को हो रही परेशानी के लिए जिम्मेदार एजेंसियों पर क्या कार्रवाई की गई है?
