![]() |
| उज्जैन; जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 अंतर्गत किए जा रहे कार्यों में जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर |
उज्जैन - कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने सोमवार सुबह कलेक्टर कार्यालय सभागृह में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली।बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिला अधिकारी ब्लॉक स्तर पर आयोजित जन कल्याण शिविरों के मुख्य शिविर में अनिवार्यत रूप से उपस्थित रहे। जन कल्याण शिविर में प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर समस्याओं का त्वरित निराकरण करे। लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत सभी सेवाओं की प्रदायगी समय सीमा में अनिवार्यत करे। बैठक में जानकारी दी गई कि जन कल्याण शिविर अंतर्गत तराना,घट्टीया,उज्जैन ग्रामीण में शिविर आयोजित किए गए है। बड़नगर, खाचरोद में शिविर 15 जून से आयोजित किए जा रहे है। शहरी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा 16,17 और 18 जून को जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। जन कल्याण शिविरों में हितग्राहियों को एमपी ई सेवा की जानकारी भी प्रदान की जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस,21 जून के कार्यक्रम के आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि योग दिवस कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के लिए पेयजल, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत महिदपुर ब्लॉक प्रदेश के 313 ब्लॉक्स में प्रथम स्थान परकलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर सभी कार्य अभियान की समय सीमा अंतर्गत पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत शनिवार तक की स्थिति में जिले का महिदपुर ब्लॉक प्रदेश के सभी ब्लॉक्स में प्रथम स्थान पर है। कलेक्टर श्री सिंह ने इस उपलब्धि पर जनपद सीईओ महिदपुर की प्रशंसा की। बैठक में जानकारी दी गई कि जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत किए गए कार्यों में उज्जैन जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं से समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए गठित समिति को यूनीफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के संबंध में ऑनलाइन ucc.mp.gov.in पोर्टल पर सुझाव देने की अपील की। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा कर 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा कर निर्देश दिए कि 50 दिवस और उससे अधिक दिवस से लंबित शिकायतों का निराकरण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। टीएल बैठक में निरंतर अनुपस्थित रहने पर लोक निर्माण विभाग सिंहस्थ के कार्यपालन यंत्री का एक दिन का वैतन राजसात करने के निर्देश दिए। सीएमओ खाचरोद ,उच्च शिक्षा विभाग के सीएम हेल्पलाइन नोडल अधिकारी,जिला अंत्यावसायी विभाग के जिला अधिकारी का 7 दिवस का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में 70+ वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उक्त कार्य में लापरवाही बरतने और बिना सुचना के अनुपस्थित रहने पर आयुष्मान के नोडल अधिकारी डॉ मंजूषा गुप्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में समग्र ई केवाईसी कार्य की समीक्षा कर सीएमओ नागदा को उक्त कार्य में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के कार्य की समीक्षा की गई, योजना अंतर्गत जानकारी दी गई कि इस सप्ताह में 5 प्रकरण स्वीकृत किए गए है। बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना के कार्य प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा कर कलेक्टर श्री सिंह ने योजना अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए और लंबित प्रकरणों के आवेदन निराकरण में लापरवाही बरतने पर जनपद सीईओ घट्टिया का सात दिन का वैतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पशुपालन विभाग द्वारा संचालित किसान क्रेडिट कार्ड, क्षीर धारा योजना, वृदांवन ग्राम योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम कुसुम योजना आदि योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत 5094 से ज्यादा कनेक्शन प्रदान किए गए है। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा और सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
आजतक 24 के प्रशासन से सवाल
1. उज्जैन जिला जल गंगा संवर्धन अभियान में प्रदेश में दूसरे स्थान पर है और महिदपुर ब्लॉक प्रथम स्थान पर है। क्या प्रशासन यह बताएगा कि इस रैंकिंग का आधार क्या है? क्या इन कार्यों का कोई स्वतंत्र भौतिक सत्यापन हुआ है, जिससे यह साबित हो सके कि बनाए गए जल संरचनाओं से वास्तव में भूजल स्तर और जल उपलब्धता में सुधार हुआ है?
2. बैठक में 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। जिले में ऐसी कुल कितनी शिकायतें लंबित हैं, और यदि शिकायतों के निराकरण में लगातार देरी हो रही है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए अब तक कितनी कार्रवाई की गई है?
3. कलेक्टर ने कई अधिकारियों का वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। क्या प्रशासन यह भी बताएगा कि पिछले एक वर्ष में जिन अधिकारियों पर ऐसी कार्रवाई हुई, उनमें से कितनों के खिलाफ आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई और कितनों का वेतन बाद में बिना किसी दंड के बहाल कर दिया गया?
