| 'कुमकुम भाग्य' फेम एक्ट्रेस संचिता उगले ने किया सुसाइड: आखिरी पोस्ट में लिखा था 'मैं नाचूं तू नचा', पूरी टीवी इंडस्ट्री सदमे में |
मुंबई - मनोरंजन जगत से सोमवार (15 जून, 2026) को एक बेहद दुखद और झझोंर कर रख देने वाली खबर सामने आई है। टीवी सीरियल्स की जानी-मानी और बेहद खूबसूरत अभिनेत्री संचिता उगले (Sanchita Ugale) ने खुदकुशी कर ली है। महज 30 साल की उम्र में संचिता के इस दुनिया को अलविदा कह देने से उनके परिवार, फैंस और पूरी टीवी इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा है। किसी को भी इस बात पर भरोसा नहीं हो रहा है कि हमेशा पर्दे पर मुस्कुराने वाली एक्ट्रेस अब हमारे बीच नहीं रहीं। संचिता का परिवार इस गहरे दुख से टूट गया है और उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि आखिर संचिता ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
सुसाइड से कुछ घंटे पहले का इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल
संचिता उगले ने 14 जून को सुसाइड किया, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि उसी दिन उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील शेयर की थी। मौत से ठीक पहले का यह आखिरी पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर फैंस की आंखों में आंसू आ गए हैं।
इस वीडियो में संचिता हाथ में कैमरा पकड़े बेहद खुश और जिंदादिल नजर आ रही हैं। बैकग्राउंड में 'राधा तेरी चुनरी' गाना बज रहा है और वह उस पर गुनगुनाती हुई दिख रही हैं। इस हंसते हुए वीडियो को पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा था— 'मैं नाचूं तू नचा।' इस पोस्ट को देखने के बाद फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "यह वीडियो में इतनी खुश लग रही हैं, तो सुसाइड कैसे कर सकती हैं?" वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, "आई मिस यू, आपके बिना अब शो देखने का मन नहीं करेगा।"
'कुमकुम भाग्य' और 'छावा' फिल्म से मिली थी पहचान
संचिता उगले छोटे पर्दे का एक बेहद लोकप्रिय चेहरा थीं। उन्होंने कई मशहूर टीवी शोज में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया था। उन्हें सबसे बड़ी लोकप्रियता एकता कपूर के सुपरहिट सीरियल 'कुमकुम भाग्य' में 'दीया टंडन' का किरदार निभाकर मिली थी। इसके अलावा उन्होंने 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' और 'वागले की दुनिया' जैसे बेहतरीन शोज में भी काम किया था। टीवी के साथ-साथ वे बड़े पर्दे पर भी कदम रख चुकी थीं; उन्होंने विक्की कौशल की मुख्य भूमिका वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म 'छावा' में भी एक अहम किरदार निभाया था। संचिता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.5 लाख फॉलोअर्स हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि सुसाइड की असली वजह का पता लगाया जा सके।