8 बार से स्वच्छता में नंबर-1 इंदौर की 20 कॉलोनी के लोग 8 वर्षों से गंदगी से परेशान

प्री मानसून की बारिश में ही एमआर-9 से एमआर-10 लिंक रोड बना ड्रेनेज का तालाब

इंदौर - स्वच्छता में आठ बार से नंबर-1 इंदौर की 15-20 कॉलोनी के रहवासी 8 वर्षों से ही ड्रेनेज के गंदे पानी से परेशान हैं। वार्ड 37 और 40 के कॉर्नर पर बसी इन कॉलोनी के रहवासी नगर निगम पढ़े-लिखे, डिग्रीधारी इंजीनियरों के विकास के कारण गंदगी का दंश झेल रहे हैं। यहां जरा सी बारिश में एमआर-9 को एमआर-10 से जोड़ने वाली लिंक रोड तालाब बन जाती है। प्री मानसून की हल्की एक्टिविटी में ही बुधवार को भी यह रोड ने समुंदर का रूप अख्तियार कर लिया। ड्रेनेज के चेंबर ओवरफ्लो हो गए और बारिश का पानी राहगीरों और रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया। यह सिलसिला 8-10 वर्षों से चल रहा है।

शिवबाग कॉलोनी, बाबा मनसब नगर, सरस्वती नगर सहित अन्य कॉलोनियों के रहवासियों ने बताया कि वार्ड 37 और 40 के कॉर्नर पर यहां 15-20 कॉलोनी के रहवासी हर वर्ष बारिश में किसी प्रकार परेशान होते हैं। यहां नगर निगम के डिग्रीधारी इंजीनियरों द्वारा बिछवाई जा रही अधूरी पड़ी ड्रेनेज लाइन जरा सी बारिश में ऊफान पर आ जाती है। चंद मिनटों में ही घुटने घुटने तक पानी जमा हो जाता है। इसी गंदे पानी में से होकर करीब 15 से 20 कॉलोनी के रहवासी हर वर्ष बारिश में गुजरते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को भी बारिश के मौसम में इसी ड्रेनेज के गंदे और बदबूदार पानी के बीच से संभाल कर गुजरना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि यहां के रहवासियों ने पार्षद, विधायक और संसद को गंदगी की समस्या से अवगत नहीं कराया हो, लेकिन इसके बाद भी इनमें से किसी भी जनप्रतिनिधि या निगम अधिकारी ने 15-20 कालोनियों के रहवासियों की इस समस्या को हल करने में कोई रुचि नहीं दिखाई।

अधूरी ड्रेनेज लाइन आज तक पूरी नहीं बिछवा सके निगम अधिकारी 

लोगों ने यह भी बताया कि यहां करीब 8 वर्षों से नगर निगम द्वारा ड्रेनेज लाइन का कार्य करवाया जा रहा है। इससे बड़े ताज्जुब की बात और क्या होगी कि नगर निगम के अधिकारी आज तक इस ड्रेनेज लाइन को पूरी तरह नहीं बिछवा सके हैं। सूत्र बताते हैं कि हाल ही में नगर निगम के ड्रेनेज विभाग के कार्यपालन यंत्री द्वारा एक नोटिस और ड्रेनेज लाइन बिछाने वाली फॉर्म को भेजा है। अब देखते हैं कि क्या इस नोटिस का कुछ असर होता है या ठेकेदार फर्म इसे भी बारिश के इसी ड्रेनेज के गंदे पानी में बहा देती है।



Post a Comment

Previous Post Next Post