| बिलासपुर के गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म में CSP और SDOP की संयुक्त कार्रवाई Aajtak24 News |
बिलासपुर - शहर से दूर फार्महाउस की आड़ में चल रहे कथित हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन सीएसपी और एसडीओपी कोटा की संयुक्त टीम ने ग्राम गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में दबिश देकर फार्म मालिक समेत 8 लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और चार पहिया वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में बड़े स्तर पर जुए का खेल चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से फार्महाउस पर छापा मारा। रेड के दौरान वहां मौजूद लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाते मिले।
पुलिस ने मौके से कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें फार्महाउस संचालक मनीष शर्मा भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, मनीष शर्मा, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग 3 लाख 80 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक फार्महाउस में लंबे समय से जुए की गतिविधियां संचालित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यहां नियमित रूप से जुए का संचालन किया जाता था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- क्या वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में पहली बार जुआ खेला जा रहा था, या लंबे समय से यहां हाईप्रोफाइल जुए का अड्डा संचालित हो रहा था और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक नहीं थी?
- मौके से भारी नकदी और कई चार पहिया वाहन मिले हैं — क्या पुलिस इस जुए के नेटवर्क के आर्थिक और राजनीतिक कनेक्शन की भी जांच करेगी?
- फार्महाउसों में अवैध गतिविधियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए क्या बिलासपुर पुलिस ने ऐसे निजी फार्महाउसों की निगरानी और सत्यापन के लिए कोई विशेष अभियान तैयार किया है?