सीहोर: राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक ने की अभियानों की समीक्षा

सीहोर: राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक ने की अभियानों की समीक्षा

सीहोर -  मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपैक्स बैंक) भोपाल के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव ने सीहोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित का दौरा कर सहकारिता, ऊर्जा संरक्षण, सदस्यता महाअभियान एवं हरित सहकार अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सहकारिता और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रणनीति तैयार की गई।

“ईंधन बचाओ–ऊर्जा बचाओ” और “वोकल फॉर लोकल” पर जोर

प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव ने वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में किए गए “ईंधन बचाओ–ऊर्जा बचाओ” के आह्वान की याद दिलाई। उन्होंने सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए “वोकल फॉर लोकल” अभियान को गति देने का संदेश दिया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए रोपे जाएंगे पौधे

बैठक में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत बैंक मुख्यालय तथा पैक्स (PAX) स्तर पर पौधरोपण के तय लक्ष्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए। इस दौरान “हरित सहकार अभियान” के माध्यम से ग्रामीण विकास और पर्यावरण को एक साथ मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

सदस्यता महाअभियान में किसानों को जोड़ने के निर्देश

मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव द्वारा शुरू किए गए 'किसान कल्याण वर्ष 2026' के अन्तर्गत 14 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे सदस्यता महाअभियान की भी समीक्षा की गई। श्री यादव ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों का सदस्य बनाया जाए। उन्होंने बी-पैक्स संस्थाओं की वार्षिक आमसभा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चयनित सदस्य किसानों को सम्मानित करने का सुझाव भी दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान सीहोर विधायक श्री सुदेश राय, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री सीताराम यादव, सीहोर सहकारी बैंक के सीईओ श्री सौरभ जूनवाल, श्री विजय राठौर सहित बैंक का वरिष्ठ स्टाफ उपस्थित था।

Post a Comment

Previous Post Next Post