| रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' के प्रोडक्शन डिजाइनर पर दुष्कर्म का केस दर्ज; रोल दिलाने के बहाने होटल में बुलाकर की दरिंदगी |
चंडीगढ़ - बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के निर्देशन में बनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' से जुड़ी एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर जॉन जोसेफ (John Joseph) उर्फ जोएल पर एक युवती ने फिल्म में रोल दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस शिकायत के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-17 थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
रोल दिलाने के बहाने होटल में बुलाई गई पीड़िता
चंडीगढ़ के खुड्डा लाहोरा की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि साल 2025 में चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में फिल्म 'धुरंधर' की शूटिंग चल रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात फिल्म के प्रोडक्शन विभाग से जुड़े सैनी एस. जोहरे उर्फ जॉन जोसेफ से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती को फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा ब्रेक और रोल दिलाने का भरोसा दिया।
शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2025 में आरोपी ने रोल के सिलसिले में बात करने के बहाने युवती को सेक्टर-17 के एक नामचीन होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां आरोपी ने युवती को जबरदस्ती शराब पिलाई और विरोध करने के बावजूद उसके साथ मारपीट करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाए। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को मुंह खोलने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी।
कानूनी कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
लंबे समय तक डरी-सहमी रहने के बाद, पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और 20 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए 21 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79, 123 और 126 (2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, ताजा जानकारी के अनुसार, आरोपी को स्थानीय जिला अदालत से जमानत मिल गई है और वह फिलहाल बेल पर बाहर है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।