![]() |
| 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत गुप्तेश्वर घाट पर श्रमदान; नदी की सफाई कर लिया जल संरक्षण का संकल्प Aajtak24 News |
श्योपुर - प्राकृतिक जल स्रोतों को सहेजने और नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को श्योरपुर के ऐतिहासिक गुप्तेश्वर महादेव मंदिर स्थित घाट पर विशेष स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सौम्या आनंद के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।
कदवाल नदी के तट पर उमड़ा जनसैलाब
कदवाल नदी के तट पर स्थित प्राचीन गुप्तेश्वर घाट की साफ-सफाई के लिए जन अभियान परिषद और नगर पालिका ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, गायत्री परिवार, मातृछाया और महात्मा गांधी सेवा आश्रम के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने श्रमदान किया। नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना और भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री रामलखन नापाखेड़ली सहित कई गणमान्य नागरिकों ने स्वयं हाथों में झाड़ू और फावड़ा थामकर नदी तट की सफाई की।
प्राकृतिक जल स्रोतों को सहेजना समय की मांग
कार्यक्रम में भोपाल से आए जन अभियान परिषद के राज्य स्तरीय अधिकारी श्री अमिताभ श्रीवास्तव ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने हमें समृद्ध जल स्रोत सौंपे थे, जिन्हें बचाना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जल स्रोतों की सफाई केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया होनी चाहिए।
जल संरक्षण की ली शपथ
श्रमदान के दौरान नदी तट से कचरा और गंदगी हटाई गई। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने जल संरक्षण की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे न केवल जल का अपव्यय रोकेंगे, बल्कि दूसरों को भी जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर संभागीय समन्वयक श्री धर्मेन्द्र सिसौदिया, जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीतू सिंह सहित श्री आदित्य चौहान, कैलाश पाराशर, डॉ. अविनाश तिवारी और बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
