![]() |
| सीहोर; जल संरक्षण और विकास की दिशा में नगर पालिका का ऐतिहासिक कदम Aajtak24 News |
सीहोर - नगर के विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता के साथ आज वार्ड क्रमांक 21 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 23 लाख रुपये की लागत से होने वाले तालाब सौंदर्यीकरण एवं पुनर्जीवन कार्य का भूमि पूजन नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ सम्पन्न किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में विकास एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के विकास के साथ-साथ जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। तालाब हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बीते वर्षों में लगातार घटते जल स्तर और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए तालाबों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। इसी उद्देश्य को लेकर नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विभिन्न तालाबों को संरक्षित एवं विकसित करने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित इस तालाब के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्जीवन कार्य से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि वर्षा जल संरक्षण, भू-जल स्तर सुधार एवं पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में यह स्थल क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण प्राप्त होगा।
प्रिंस राठौर ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “विकास और विरासत” दोनों को साथ लेकर चलने का कार्य कर रही है। नगर निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। नगर पालिका परिषद भी इसी संकल्प के साथ नगर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं, सड़क, पेयजल, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से करा रही है। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष विपिन शास्ता वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद प्रतिनिधि कमलेश कुशवाह, संतोष शाक्य, राजेश माझी,अर्जुन राठौर,दिनेश कुशवाह, लोकेंद्र वर्मा, सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

