| उमरिया; महिला से दुष्कर्म और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई Aajtak24 News |
उमरिया - जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट करने वाले एक शातिर आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय की है जब पीड़िता देर शाम अपने घर से घरेलू सामान लेने के लिए स्थानीय बाजार की ओर निकली थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे ग्राम रथेली निवासी आरोपी दलवीर सिंह ने महिला का रास्ता रोक लिया। आरोपी जबरन महिला को खींचते हुए पास के सूने जंगल की तरफ ले गया। जंगल के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब पीड़िता ने खुद को बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, तो आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की।
परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता घटना के बाद सहमी हुई पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और आपबीती परिजनों को सुनाई। इसके बाद परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी दलवीर सिंह के विरुद्ध अपराध क्रमांक 217/2026, धारा 64(1) [दुष्कर्म], 115(2) [स्वेच्छा से चोट पहुंचाना], और 126(2) [गलत तरीके से रोकना] बीएनएस (BNS) के तहत मामला पंजीकृत किया।
थाना प्रभारी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल एक विशेष टीम गठित कर रवाना की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी दलवीर सिंह को रथेली के पास से धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक विवेचना की जा रही है।