बालाघाट; जल गंगा संवर्धन गतिविधि के तहत खैरलांजी में एफटीके प्रशिक्षण आयोजित Aajtak24 News

बालाघाट; जल गंगा संवर्धन गतिविधि के तहत खैरलांजी में एफटीके प्रशिक्षण आयोजित Aajtak24 News

बालाघाट - जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 22 मई 2026 को जनपद पंचायत खैरलांजी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) उपखंड कटंगी द्वारा फील्ड टेस्टिंग किट (FTK) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिरगपुर, मोवाड़, आरम्भा एवं भेंडारा सेक्टर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सेक्टर सुपरवाइजरों को पेयजल गुणवत्ता जांच का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखंड कटंगी के उपयंत्री अजय भरतकर एवं महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी लकेश ऊके विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण ब्लॉक समन्वयक मोहिनी पटले, केमिस्ट मीना रहाँगडाले एवं नेमसिंग मर्सकोले द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कुल 98 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की एफटीके यूजर आईडी भी बनाई गई। इस कार्य में हरीश झा, शीतल मिश्रा, रानी सिंग राजपूत एवं मोहिनी पटले का सहयोग रहा।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी एवं स्कूलों से लाए गए पानी के नमूनों की फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से मौके पर ही जांच कराई गई। कार्यकर्ताओं को प्रत्यक्ष रूप से बताया गया कि पानी में घुले विभिन्न तत्वों की पहचान किस प्रकार की जाती है। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से पानी के pH मान, फ्लोराइड, आयरन (लोहा) एवं कठोरता (हार्डनेस) की जांच करना सिखाया गया। महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री लकेश ऊके ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कुओं, हैंडपंपों एवं नल-जल योजनाओं के जल स्रोतों की मानसून पूर्व जांच अनिवार्य रूप से करें, ताकि जलजनित बीमारियों से बचाव किया जा सके। वहीं उपयंत्री श्री अजय भरतकर ने कहा कि सभी पेयजल स्रोतों की वर्ष में कम से कम दो बार, मानसून से पहले और बाद में, जांच अवश्य की जानी चाहिए।

प्रशिक्षण के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वयं रुचि लेकर अपनी-अपनी आंगनवाड़ियों से लाए गए पेयजल स्रोतों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से ग्राम स्तर पर जल गुणवत्ता निगरानी मजबूत होगी तथा आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं गांवों में बच्चों और नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक राजश्री अर्जे, गीता मेश्राम, पूनम चौहान एवं भलावी मैडम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post