![]() |
| ग्वालियर; ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का आधी रात को एक्शन: डेढ़ बजे पहुंचे हजीरा सिविल अस्पताल Aajtak24 News |
ग्वालियर - मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने अनोखे अंदाज और जमीनी दौरों के लिए जाने जाते हैं। इसी क्रम में सोमवार की मध्य रात्रि को उन्होंने क्षेत्र का सघन भ्रमण कर विकास कार्यों और जनसुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। मंत्री श्री तोमर सोमवार की मध्य रात्रि लगभग 1:30 बजे अचानक सिविल अस्पताल हजीरा पहुंचे, जिससे वहां तैनात स्टाफ में हड़कंप मच गया।
अस्पताल में व्यवस्थाएं जांची, स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
औचक निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय चर्चा की, उनका कुशलक्षेम जाना और मिल रहे उपचार की जानकारी ली। मंत्री श्री तोमर ने संबंधित अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि अस्पताल में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, जीवन रक्षक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता रहे तथा रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व बेहतर बनाया जाए ताकि मरीजों को कोई असुविधा न हो।
बरसात से पहले जल निकासी सुचारू करने आधी रात को निरीक्षण
अस्पताल के निरीक्षण से पूर्व, सोमवार की मध्य रात्रि 12:45 बजे ऊर्जा मंत्री बहोड़ापुर स्थित कुशवाह मोहल्ला पहुंचे। वहां उन्होंने सीवर सफाई अभियान के अंतर्गत चल रहे मैदानी कार्य का निरीक्षण किया। इसके तुरंत बाद वे संत कृपाल आश्रम से कोटेश्वर रोड तक चल रहे नाला सफाई कार्य का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगामी मानसून और बरसात के मौसम से पहले पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था बेहतर और सुचारू हो जानी चाहिए। इसके लिए उन्होंने सफाई कार्य में गति लाने तथा आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
विनय नगर में लगाई 'जन चौपाल', सुनीं समस्याएं
रात्रि भ्रमण के इसी सिलसिले में ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ग्वालियर के विनय नगर पहुंचे, जहां उन्होंने देर रात ही 'जन चौपाल' लगाकर स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। चौपाल में उन्होंने वार्ड वासियों की क्षेत्रीय समस्याओं को सुना और विकास कार्यों को लेकर उनके बहुमूल्य सुझाव भी लिए। श्री तोमर ने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
संकीर्तन में हुए शामिल, की मंगल कामना
अपने व्यस्त दौरे के बीच ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पीपल वाले हनुमान जी मंदिर में आयोजित 'श्री सीताराम संकीर्तन' में भी सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रभु भक्ति की और अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम एवं संकटमोचन बजरंगबली का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे, यही उनकी मंगल कामना है।
