![]() |
| सिवनी; भाजपा संगठनात्मक बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने दिया संगठन विस्तार और जनसंपर्क का मंत्र Aajtak24 News |
सिवनी - भारतीय जनता पार्टी समाज के लिए कार्य करने वाला राजनीतिक दल है। संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ-साथ समाज के बीच चल रही गतिविधियों में भी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सामाजिक संगठनों के प्रमुख व्यक्तियों से आत्मीय संबंध बनाए रखने और विपक्षी दलों की गतिविधियों पर सतत नजर रखने की जरूरत है। यह बात भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कही। भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन ने की। इस अवसर पर संगठन के जिला प्रभारी एवं अशोक रोहाणी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री तथा विभिन्न अपेक्षित श्रेणियों के पदाधिकारी शामिल हुए।
संगठन विस्तार के साथ व्यक्तित्व विकास भी जरूरी
अजय जामवाल ने पदाधिकारियों को संगठन विस्तार एवं दायित्व निर्वहन के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता का व्यक्तित्व विकास भी होना चाहिए। समाज के साथ समरस होकर कार्य करने से संगठन की मजबूती के साथ क्षेत्र में स्वीकार्यता भी बढ़ती है। उन्होंने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करने के गुरुमंत्र दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली "हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता" की भावना पर आधारित है और सभी कार्य सामूहिक सहभागिता से संपन्न होने चाहिए।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर होंगे विशेष कार्यक्रम
अजय जामवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इसे विकास और विश्वास के 12 वर्षों के उत्सव के रूप में प्रभावी ढंग से जनता के बीच मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता नहीं बल्कि सेवा के लिए कार्य करने वाली पार्टी है और जनता का लगातार बढ़ता विश्वास कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम का परिणाम है।
पर्यावरण दिवस से योग दिवस तक चलेगा अभियान
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रम पार्टी के निर्देशानुसार उत्साहपूर्वक संपन्न किए जाएं। साथ ही प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" को प्रत्येक बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं के सामूहिक मिलन और संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिला संगठन के कार्यों की हुई सराहना
जिला भाजपा मीडिया विभाग से मनोज मर्दन त्रिवेदी द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि जिला संगठन प्रभारी एवं विधायक अशोक रोहाणी ने जिले में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिला, मंडल एवं शक्ति केंद्र स्तर पर नियमित बैठकों के साथ मन की बात कार्यक्रम शत-प्रतिशत बूथों पर सुना जा रहा है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित मंडल एवं जिला प्रशिक्षण वर्गों की सफलता पर जिले के पदाधिकारियों को बधाई भी दी।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय संगठन
जिला अध्यक्ष मीना बिसेन ने वर्षभर में आयोजित कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में मन की बात कार्यक्रम प्रत्येक बूथ पर नियमित रूप से आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए जिला कार्यालय में प्रतिदिन पदाधिकारी उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं और समाधान का प्रयास करते हैं।
ये रहे उपस्थित
बैठक में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष आलोक दुबे, सुजीत जैन, भाजपा महामंत्री संतोष अग्रवाल, मुकेश बधेल, गजानंद पंचेश्वर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
