नीमच के स्वास्थ्य केंद्रों में 200 कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन Aajtak24 News

नीमच के स्वास्थ्य केंद्रों में 200 कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन Aajtak24 News

नीमच - जिले के शासकीय चिकित्सालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत मल्टी टास्क स्टाफ पिछले 3 महीनों से वेतन न मिलने के कारण बेहाल है। बढ़ती कमरतोड़ महंगाई के इस दौर में इन कर्मचारियों के लिए अब अपने परिवारों का भरण-पोषण करना और रोजमर्रा का खर्च चलाना पूरी तरह दूभर हो चुका है। जनवरी 2026 से अब तक इन कर्मचारियों को सिर्फ एक माह का वेतन नसीब हुआ है। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर एवं जिला महासचिव सुनील शर्मा ने बताया कि जिलेभर में करीब 200 मल्टी टास्क स्टाफ पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दे रहे हैं। ये कर्मचारी जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों तक साफ-सफाई से लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को संभालते हैं। कई कर्मचारी प्रतिदिन 80 किलोमीटर तक का सफर तय कर ड्यूटी पर पहुंचते हैं, लेकिन वेतन के अभाव में अब उनके लिए रोज के पेट्रोल और यात्रा खर्च का जुगाड़ करना भी नामुमकिन हो गया है।

पूर्व में जनसुनवाई के दौरान शिकायत करने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई समाधान नहीं निकाला गया। इससे आक्रोशित होकर सोमवार को बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नायब तहसीलदार मृणालिनी तोमर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन मधु राजपूत ने किया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें हैं कि पिछले 3 माह का बकाया वेतन तुरंत दिया जाए और हर माह की 10 तारीख तक नियमित भुगतान सुनिश्चित हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। इस अवसर पर मदन कुमार, राजकुमार, शिवाली, सुनीता, रेखा, रामलाल जाट, सुरेंद्र बनोडा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post