![]() |
| शहडोल; अब गांव-गांव बजेगी ‘जल चौपाल’: शहडोल में हर बूंद बचाने उतरा प्रशासन Aajtak24 News |
शहडोल - जिले में जल संकट से निपटने और वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जनपद पंचायत जयसिंहनगर के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम प्रजापति ने जल गंगा संवर्धन अभियान और जल संचय जनभागीदारी अभियान के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। सीईओ ने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग हो और जो गतिविधियां चल रही हैं उनकी फोटो अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जाए और अभियान को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में “जल चौपाल” आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि गांव-गांव जाकर लोगों को पानी की एक-एक बूंद बचाने का महत्व समझाया जाए और उन्हें अभियान से जोड़ा जाए। साथ ही जल संरचनाओं को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में इनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
जनपद पंचायत जयसिंहनगर की सीईओ शिवानी जैन ने बैठक में बताया कि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से बोरी बंधान, खेत तालाब निर्माण, पुराने जल स्रोतों के जीर्णोद्धार और वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्य किए जा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि अभियान के जरिए लोगों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। बैठक में एपीओ अनुराग निगम, इंजीनियर, सचिव और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान को गति देने के लिए रैलियां, प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएं।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- जल संरक्षण अभियान की लगातार बैठकें और निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन क्या प्रशासन यह बताएगा कि पिछले अभियानों से भूजल स्तर में वास्तव में कितना सुधार हुआ?
- कई गांवों में पुराने तालाब और जल संरचनाएं अब भी अतिक्रमण और गंदगी का शिकार हैं, तो क्या सिर्फ पोर्टल पर फोटो अपलोड करने से जमीन पर बदलाव आ जाएगा?
- जल गंगा संवर्धन अभियान में करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, क्या इन कार्यों की स्वतंत्र गुणवत्ता जांच और सोशल ऑडिट भी कराया जाएगा?
