![]() |
| कटनी में ‘मिलावट’ पर कड़ा वार: गंदगी में चल रही मसाला फैक्ट्री पकड़ी गई Aajtak24 News |
कटनी - जिले के लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर दो खाद्य इकाइयों में गंभीर अनियमितताएं पकड़ी हैं। निरीक्षण के दौरान महावीर ट्रेडिंग कंपनी में सरसों को फिल्टर कर बोरों में पैक कर बाजार में बेचे जाने की प्रक्रिया सामने आई। सबसे गंभीर बात यह रही कि खाद्य पदार्थों का प्रोसेसिंग और भंडारण अत्यंत गंदगी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में किया जा रहा था।
जांच में यह भी पाया गया कि सरसों के अवशेष से तेल निकालकर एक टैंक में संग्रहित किया गया था, लेकिन मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने इसका कोई सैंपल या वैध रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया। फैक्ट्री संचालक मौके से अनुपस्थित पाए गए और सूचना देने के बाद भी उपस्थित नहीं हुए। इसके अलावा कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और खाद्य सुरक्षा संबंधी जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। टीम ने सरसों के दो नमूने लेकर राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेज दिए हैं।
प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के आधार पर महावीर ट्रेडिंग कंपनी का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही लमतरा की ही क्षितिज फूड मसाला फैक्ट्री से धनिया, मिर्च और हल्दी पाउडर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। तहसीलदार आकाश नीरज की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- क्या इस तरह की गंदगी और बिना दस्तावेज़ वाली फैक्ट्रियां लंबे समय से चल रही थीं, और क्या यह खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी में चूक नहीं मानी जाएगी?
- लाइसेंस निलंबन के बाद क्या जिम्मेदार संचालकों पर केवल प्रशासनिक कार्रवाई होगी या आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी तक की कार्रवाई की जाएगी?
- क्या जिले में ऐसी अन्य खाद्य इकाइयों का भी नियमित ऑडिट किया जा रहा है, या यह कार्रवाई सिर्फ एक औचक छापे तक सीमित है?
