भूमि आवंटन और भू-अर्जन प्रकरणों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार Aajtak24 News

भूमि आवंटन और भू-अर्जन प्रकरणों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार Aajtak24 News

सीहोर - कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने विभिन्न विभागों द्वारा भेजे जा रहे भूमि आवंटन के आधे-अधूरे प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरण आवश्यक दस्तावेजों और पूर्ण जानकारी के साथ ही प्रस्तुत किए जाएं, ताकि आवंटन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। कलेक्टर ने कहा कि अपूर्ण जानकारी के कारण भूमि आवंटन की कार्यवाही प्रभावित होती है तथा समय पर निर्णय नहीं हो पाता। उन्होंने सभी विभागों को प्रकरणों की गंभीरता से समीक्षा कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में नेशनल हाईवे एवं रेलवे परियोजनाओं के लिए चल रहे भू-अर्जन कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भू-अर्जन की प्रक्रिया तेजी से पूर्ण करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, संयुक्त कलेक्टर श्री जमील खान, सुश्री वंदना राजपूत, श्री रविंद्र परमार, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

विस्फोटक सामग्री वाले संस्थानों के नियमित निरीक्षण के दिए निर्देश

 कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले में संचालित पटाखा फैक्ट्रियों एवं विस्फोटक सामग्री का उपयोग करने वाले संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सुरक्षा उपकरणों एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

नौका संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले के आवागमन वाले नदी घाटों एवं बांधों में संचालित नौकायन गतिविधियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नौका संचालन के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लाइफ जैकेट, सुरक्षा उपकरण एवं क्षमता अनुसार ही यात्रियों को बैठाने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों एवं बांध क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने को भी कहा। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रीष्मकाल में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

ग्रीष्म काल को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी सीएमओ, जनपद सीईओ तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को जिले में पर्याप्त पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को पेयजल के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को खराब हैंडपंपों एवं नल-जल योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर त्वरित सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा।

जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रभावी संचालन के दिए निर्देश

कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों में स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। कलेक्टर ने विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान में गति लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में जल संरचनाओं के संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन संबंधी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

जनगणना कार्य की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि जनगणना का कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्य पूरी गंभीरता और शुद्धता के साथ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आंकड़ों का सही संकलन प्रशासनिक योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने जनगणना कार्य में लापरवाही नहीं बरतने तथा समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


Post a Comment

Previous Post Next Post