| सीहोर का नाम बदलकर सिद्धपुर किए जाने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन Aajtak24 News |
सीहोर - जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसजनों ने महामहिम राज्यपाल से सीहोर जिला मुख्यालय का नाम परिवर्तित कर सिद्धपुर किए जाने, निर्माणाधीन हाऊसिंग बोर्ड रेलवे ओवरब्रिज का नाम अंबेडकर सेतु किए जाने सहित नगर के विभिन्न चौराहों और मंडी रेलवे ओवरब्रिज का आधिकारिक रूप से नामकरण किए जाने की मांग की। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर नगर का प्राचीन नाम सिद्धपुर है, जिसे किन्हीं कारणोंवश बदलकर सीहोर कर दिया गया था, जिसे फिर से बदलकर सिद्धपुर किए जाने की मांग यहां की जनता द्वारा कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इसकी प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो सकी है। सिद्धपुर नाम हमारी प्राचीन संस्कृति और सभ्यता से जुड़ाव का अहसास कराता है इसलिए कृपया इस बारे में जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्रातिशीघ्र राज्य सरकार को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए जाने चाहिए। पंकज शर्मा ने आगे कहा कि सीहोर नगर में निर्माणाधीन हाऊसिंग बोर्ड रेलवे ओवरब्रिज का नामकरण देश के संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के नाम पर अंबेडकर सेतु किए जाने की प्रक्रिया भी अविलंब प्रारंभ कराई जानी चाहिए। जिस प्रकार संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान लिखकर समाज के सभी वर्गों, जाति और संप्रदाय के लोगों को एक सूत्र में पिरोकर साथ जोडक़र भारतीय गणतंत्र का निर्माण किया था, ठीक उसी तरह हाऊसिंग बोर्ड रेलवे ओवरब्रिज भी शहर के दो हिस्सों को आपस में जोड़ता है, इसलिए इसका नाम अंबेडकर सेतु रखा जाना बिल्कुल उचित होगा। पंकज शर्मा ने बताया कि पिछली और वर्तमान नगरपालिका परिषद ने सीहोर नगर के कई चौराहों का नाम देवी, देवताओं सहित विभिन्न महान विभूतियों और क्रांतिकारियों के नाम पर रखने सहित मंडी रेलवे ओवरब्रिज का नाम अटल सेतु करने की घोषणा की थी, लेकिन इसके बारे में अब तक आधिकारिक प्रस्ताव पास नहीं किया गया है और ये सिर्फ कोरी घोषणाएं बनकर रह गई हैं। उन्होंने इसके बारे में भी सीहोर नगरपालिका, जिला प्रशासन सहित राज्य सरकार को पत्राचार के माध्यम से आवश्यक दिशानिर्देश देकर सभी चौराहों और मंडी रेलवे ओवरब्रिज का नाम पूर्व में सीहोर नगरपालिका द्वारा की गई घोषणानुसार बदलकर संबंधित देवी, देवताओं और महान विभूतियों तथा क्रांतिकारियों के नाम पर रखने की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराई जाने की मांग महामहिम राज्यपाल महोदय से की है। पंकज शर्मा ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन सभी मांगों को लेकर उनका सहयोग करने की अपील की है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थितजनों में विकास राय, बिजेंद्र ठाकुर, राहुल, ऋतिक विश्वकर्मा, ब्रह्मसिंह, ऋषि विश्वकर्मा, अभिषेक यादव, धीरज शर्मा, विशाल यादव, जितेंद्र ठाकुर आदि कांग्रेसजन शामिल हैं।