'भाजपा में राजनीति सेवा का माध्यम, सीहोर को बनाना है आदर्श जिला': जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान Aajtak24 News

'भाजपा में राजनीति सेवा का माध्यम, सीहोर को बनाना है आदर्श जिला': जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान Aajtak24 News

सीहोर - भारतीय जनता पार्टी सीहोर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन क्रिसेंट ग्रीन गार्डन में किया गया। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदर्शनी का फीता काटकर एवं अवलोकन कर किया। तत्पश्चात भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने प्रशिक्षण वर्ग की प्रस्तावना प्रस्तुत की।

उद्घाटन सत्र में “केंद्र सरकार की योजनाएं” विषय पर संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना इस उद्देश्य से की थी कि देश में चारित्रिक कार्यकर्ताओं का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस पाश्चात्य संस्कृति की प्रवाहक थी। इसी दौरान पश्चिम में औद्योगिक क्रांति हुई, जिसे कार्ल मार्क्स के विचारों से प्रेरित माना गया। इस क्रांति से कम्युनिस्ट पार्टी तो मजबूत हुई, लेकिन मजदूरों को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। इसी कारण भारतीय जनसंघ ने अपने विचारों के आधार पर देशभर में विस्तार किया। उन्होंने कहा कि हमें सीहोर जिले को आदर्श जिला बनाना है। जिले के संगठन पदाधिकारी, तीनों सांसद और चारों विधायक यहां उपस्थित हैं। हम सभी को यह संकल्प लेकर जाना चाहिए कि संगठनात्मक संरचना को मजबूत बनाया जाए। प्रत्येक मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी बूथ स्तर तक प्रवास करें। बूथ समितियां केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनमें ऐसे कार्यकर्ताओं को दायित्व दिया जाए जो संगठन के कार्यों का प्रभावी निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व मृदुभाषी एवं अहंकार रहित होना चाहिए तथा उन्हें स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलना चाहिए। कार्यकर्ता का एक ही सिद्धांत होना चाहिए — “पांव में चक्कर, मुंह में शक्कर, सीने में आग और सिर पर बर्फ।” उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

द्वितीय सत्र “इतिहास और विकास” विषय पर भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह द्वारा लिया गया, जिसकी अध्यक्षता आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर ने की। इस सत्र में जनसंघ के गठन से लेकर भाजपा के गठन तक की विस्तृत जानकारी दी गई। तृतीय सत्र “प्रदेश सरकार की उपलब्धियां” विषय पर आयोजित हुआ, जिसमें विषय वक्ता के रूप में सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर उपस्थित रहीं तथा सत्र की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा ने की। श्रीमती गौर ने कहा कि एकात्म मानववाद भाजपा का मार्गदर्शक दर्शन है, जिसे वर्ष 1965 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने प्रतिपादित किया था। यह विचारधारा मानव समाज, संस्कृति और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन पर बल देती है।

चतुर्थ सत्र में भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी ने “कार्यकर्ता विकास एवं दायित्व बोध” विषय पर संबोधित किया। इस सत्र की अध्यक्षता बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने की।  पंचम सत्र में बेरसिया विधायक विष्णु खत्री ने “स्थायी कार्यक्रम, बूथ प्रबंधन एवं मन की बात” विषय पर जानकारी दी। इस सत्र की अध्यक्षता राजेंद्र सिंह ने की। छठवें सत्र में भाजपा कार्यसमिति सदस्य राजेश तिवारी ने “विचार परिवार” विषय पर मार्गदर्शन दिया, जिसकी अध्यक्षता दामोदर राय ने की। सप्तम एवं अंतिम सत्र “देश के समक्ष राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियां” विषय पर भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल द्वारा लिया गया।

प्रशिक्षण वर्ग में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास विरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी दिलबर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रिंस, नपाध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा सहित समस्त जिला पदाधिकारी, जिला मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल प्रभारी, प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, प्रदेश के मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहें।



Post a Comment

Previous Post Next Post