| कबीरधाम; ताश की बाजी पड़ गई भारी! पंडरिया में जुए के फड़ पर पुलिस का धावा, 8 जुआरी जेल पहुंचे Aajtak24 News |
कबीरधाम - जिले में जुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंडरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ग्राम पाढी में सार्वजनिक स्थान पर काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे आरोपियों पर पुलिस ने अचानक दबिश देकर पूरे फड़ को तहस-नहस कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पाढी दैहान के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पंडरिया पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मौके की घेराबंदी की और छापेमार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ लोग पुलिस को देखकर अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने जुआ फड़ से 3 हजार 550 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 5 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में यशवंत निषाद, उमेंद पटेल, शंकर पटेल, विद्याप्रसाद कुर्रे, श्याम पटेल, धनराज टोण्डे, अखिल कुर्रे और जगेशर पटेल शामिल हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत आगे भी अभियान जारी रहेगा।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- जब सार्वजनिक स्थान पर लंबे समय से जुए का फड़ चल रहा था, तो स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं मिली?
- कार्रवाई में केवल 3,550 रुपये बरामद हुए, क्या पुलिस मानती है कि असली संचालक और बड़े खिलाड़ी मौके से भाग निकले या पहले ही सतर्क हो गए थे?
- जिले में लगातार जुआ-सट्टा पकड़ने की कार्रवाई हो रही है, फिर भी ऐसे अड्डे दोबारा कैसे सक्रिय हो जाते हैं? क्या कहीं स्थानीय संरक्षण या मिलीभगत की आशंका है?