![]() |
| रीवा; सीवर लाइन से क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल हो रेस्टोरेशन, जून तक हर हाल में शुरू हों पानी की 6 टंकियां - उप मुख्यमंत्री Aajtak24 News |
रीवा - मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है। नवीन सर्किट हाउस में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि सीवर लाइन निर्माण और पेयजल व्यवस्था के कार्यों की विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आदेश दिए कि सीवर लाइन डालने के लिए शहर में जहाँ भी सड़कें खोदी या क्षतिग्रस्त की गई हैं, उनका तत्काल रेस्टोरेशन (सुधार कार्य) कराया जाए।
गुलाब नगर मॉडल रोड का काम 10 दिनों में पूरा करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गुलाब नगर के समीप मॉडल रोड का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ सीवर लाइन का कार्य आगामी 10 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा कर सड़क को दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने शहर में बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों (STP) को तुरंत चालू कर घरों को सीवरेज लाइन से जोड़ने की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने और समय पर राशि जारी करने को कहा।
जून के अंत तक 5 हजार घरों में पहुंचेगा पानी
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत-2 योजना के तहत रीवा शहर में पानी की 12 बड़ी टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को डेडलाइन देते हुए कहा, "इनमें से 6 टंकियों का निर्माण कार्य 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूरा करा लें।" टंकी निर्माण के साथ ही घरों में नल कनेक्शन देने का काम भी तेजी से किया जाए, ताकि जून के अंत तक शहर के लगभग 5 हजार घरों में पानी की पर्याप्त आपूर्ति शुरू हो सके।
विभागों में आपसी समन्वय और लापरवाही पर सख्ती
श्री शुक्ल ने हिदायत दी कि निर्माण कार्य के दौरान नगर निगम और अन्य विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि पेयजल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न हो। यदि किसी कारणवश पाइपलाइन फूटती है, तो संबंधित निर्माण एजेंसी तुरंत उसकी मरम्मत कराए, क्योंकि पानी की आपूर्ति बाधित होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बैठक में निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि शहर में सीवरेज के लिए खोदी गई सड़कों में से अब केवल 4 किलोमीटर का रेस्टोरेशन शेष है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। गुलाब नगर मॉडल रोड की 80 मीटर सड़क को 15 दिनों में सुधार दिया जाएगा, जबकि तोपखाना और सीएमएचओ कार्यालय के समीप भी सड़क सुधार कार्य स्वीकृत कराया जा रहा है।
बैठक में ये रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, श्री राजेश पाण्डेय सहित नगर निगम के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।
