| लालबाग पुलिस की बड़ी स्ट्राइक; पशु चोर गिरोह के 5 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार Aajtak24 News |
राजनांदगांव - राजनांदगांव पुलिस ने पशु चोरी के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना लालबाग पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज की मदद से वारदात के 24 घंटे के भीतर ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए मवेशी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
सीसीटीवी ने खोला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी रुस्तम यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अप्रैल को चरने के लिए छोड़े गए उनके मवेशियों में से 02 गाय और 01 भैंस वापस नहीं लौटे। पुलिस ने जब जांच शुरू की और जंगलपुर स्थित आरुगविला के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें आरोपी मवेशियों को हांकते हुए दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदेहियों को हिरासत में लिया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है:
किशन यादव (23 वर्ष) - निवासी बंगाली चाल
तामेश्वर यादव (20 वर्ष) - निवासी बंगाली चाल (पुराना आपराधिक रिकॉर्ड)
मिनेश यादव (45 वर्ष) - निवासी बंगाली चाल
समीर यादव (21 वर्ष) - निवासी बंगाली चाल (पुराना आपराधिक रिकॉर्ड)
सुनील यदु - निवासी ग्राम सिंघोला
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी तामेश्वर और समीर के खिलाफ थाना बसंतपुर में पहले से ही गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
96 हजार रुपये की संपत्ति जब्त
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से:
03 गाय एवं 01 भैंस (कीमत लगभग 70,000/- रुपये) बरामद की।
घटना में इस्तेमाल की गई 01 मोटरसाइकिल (कीमत 20,000/- रुपये) जब्त की।
मवेशी बिक्री से प्राप्त 6000/- रुपये नगद बरामद किए। कुल मिलाकर पुलिस ने 96,000/- रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम की सराहना
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी यदु, प्रधान आरक्षक प्रभात तिवारी, आरक्षक संतोष श्रीवास्तव और लेखराम वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।