जगदलपुर; रेत माफियाओं पर बस्तर प्रशासन का शिकंजा: औचक रेड में 4 वाहन पकड़े गए Aajtak24 News

जगदलपुर; रेत माफियाओं पर बस्तर प्रशासन का शिकंजा: औचक रेड में 4 वाहन पकड़े गए Aajtak24 News

जगदलपुर - बस्तर जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग की जांच टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 4 वाहनों को जब्त किया है। पकड़े गए वाहनों में दो ट्रैक्टर और दो हाईवा शामिल हैं, जो बिना वैध अभिवहन पास के रेत ढोते पाए गए। यह कार्रवाई कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश और खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में की गई। जिला खनिज जांच दल ने बेलगांव रेत घाट और बजावण्ड क्षेत्र में अचानक जांच अभियान चलाया, जहां अवैध परिवहन का मामला सामने आया।

खनिज विभाग के अनुसार जांच के दौरान सभी वाहन बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन कर रहे थे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को रेत सहित जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। वाहन मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 और खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अभिवहन पास के खनिज परिवहन करना गंभीर अपराध है और दोबारा ऐसा करते पाए जाने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक अंकित पुरी, खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे और नगर सैनिक देवीराम बघेल व सहदेव बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खनिज विभाग ने सभी ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

  1. अगर बिना दस्तावेजों के रेत से भरे हाईवा और ट्रैक्टर सड़कों पर चल रहे थे, तो क्या यह अवैध परिवहन लंबे समय से प्रशासन की नजरों से बचता रहा?
  2. क्या इस कार्रवाई के पीछे केवल छोटे परिवहनकर्ता पकड़े गए हैं, या प्रशासन अवैध रेत कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क और संरक्षण देने वालों तक भी पहुंचेगा?
  3. बस्तर में लगातार अवैध रेत परिवहन के मामले सामने आ रहे हैं — क्या खनिज विभाग के पास स्थायी मॉनिटरिंग और रियल-टाइम ट्रैकिंग की कोई प्रभावी व्यवस्था है?

Post a Comment

Previous Post Next Post