वेलकम टू द जंगल' का टीजर आउट: अक्षय-सुनील की जोड़ी ने फिर गुदगुदाया, 34 सितारों के साथ जंगल में मचेगा कॉमेडी का 'गदर'

वेलकम टू द जंगल' का टीजर आउट: अक्षय-सुनील की जोड़ी ने फिर गुदगुदाया, 34 सितारों के साथ जंगल में मचेगा कॉमेडी का 'गदर'

मुंबई - अहमद खान के निर्देशन में बनी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का 1 मिनट 30 सेकंड का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। टीजर को देखकर साफ है कि अक्षय कुमार इस बार दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट करने के मूड में हैं। यह फिल्म 2007 में आई सुपरहिट 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी है, जिसमें कॉमेडी का डोज दोगुना होने वाला है।

"हम गधों के अलावा किसी जानवर का इस्तेमाल नहीं..."

टीजर की शुरुआत एक मजेदार डिस्क्लेमर से होती है, जिसके बैकग्राउंड में अक्षय कुमार की आवाज सुनाई देती है। वे कहते हैं— "सूचना: इस फिल्म के निर्माण में किसी भी जानवर का इस्तेमाल नहीं किया गया है, सिवाय कुछ घोड़ों के और हम गधों के..."। इस डायलॉग के साथ ही फिल्म की टोन सेट हो जाती है और 'वेलकम' की सिग्नेचर ट्यून कानों में गूंजने लगती है।

हेरा-फेरी वाले अंदाज में लौटे अक्षय-सुनील

टीजर का सबसे बड़ा हाईलाइट अंत का वो सीन है, जिसमें अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी एक साथ नजर आते हैं। दोनों को एक बार फिर उनके क्लासिक 'हेरा-फेरी' वाले अंदाज में कॉमेडी करते देख फैंस इमोशनल और एक्साइटेड हो रहे हैं। इनके अलावा टीजर में अरशद वारसी, तुषार कपूर, रवीना टंडन और दिशा पाटनी की झलक भी देखने को मिली है।

34 कलाकारों की 'महा-फौज'

इस फिल्म की सबसे खास बात इसकी विशाल स्टारकास्ट है। अहमद खान ने एक ही पर्दे पर 34 दिग्गज कलाकारों को उतारा है। फिल्म में अक्षय और सुनील के अलावा जैकलीन फर्नांडिस, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, लारा दत्ता, जॉनी लीवर और राजपाल यादव जैसे सितारे अपनी कॉमेडी का तड़का लगाएंगे। राजपाल यादव ने अपनी कानूनी मुश्किलों से बाहर आने के ठीक 6 दिन बाद इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है।

कब होगी रिलीज?

अक्षय कुमार के लिए साल 2025 और 2026 काफी अहम हैं, और 'वेलकम टू द जंगल' उनकी नैया पार लगाने वाली फिल्म मानी जा रही है। कॉमेडी और एक्शन से भरपूर यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post