| जगदलपुर; 23 पंचायतों के हजारों ग्रामीण पहुंचे गुमलवाड़ा, सुशासन तिहार में योजनाओं का मिला सीधा लाभ |
जगदलपुर - सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के नानगुर मंडल स्थित ग्राम गुमलवाड़ा में आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विधायक किरण देव शामिल हुए और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। शिविर को संबोधित करते हुए विधायक किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाना चाहिए। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, कृषि और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
गुमलवाड़ा में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासनिक अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि अन्य आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। विधायक ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभाग सीधे जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देते हैं और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं।
कार्यक्रम में विधायक किरण देव के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक धुरवा नाचा और स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं के साथ उनका स्वागत किया। शिविर में 23 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 32 स्टॉलों में शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री और लाभ वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लोगों से सीधे चर्चा की और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप, जनपद पंचायत सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद पंचायत सीईओ अमित भाटिया तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सुशासन तिहार के इस आयोजन ने प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. शिविर में कई आवेदनों के मौके पर निराकरण का दावा किया गया है। क्या प्रशासन इनके समाधान की गुणवत्ता और वास्तविक लाभार्थियों की संतुष्टि की भी स्वतंत्र समीक्षा करेगा?
2. 23 ग्राम पंचायतों के लिए एक क्लस्टर शिविर आयोजित किया गया। क्या इतने बड़े क्षेत्र की सभी समस्याओं का प्रभावी समाधान एक दिन के शिविर में संभव है, या यह केवल औपचारिकता बनकर रह जाता है?
3. सुशासन तिहार में योजनाओं की जानकारी और लाभ वितरण किया जा रहा है, लेकिन जिन पंचायतों में अब भी सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं, उनके स्थायी समाधान की समय-सीमा क्या है?