कोंडागांव; पुलिस ने दबोचा आरोपी, थैले से निकली 14.65 लीटर अवैध शराब

कोंडागांव; पुलिस ने दबोचा आरोपी, थैले से निकली 14.65 लीटर अवैध शराब

कोंडागांव/केशकाल - जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बटराली स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बड़ी मात्रा में बीयर बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत 8 हजार 330 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम 28 मई को क्षेत्र में पेट्रोलिंग और अपराधियों की तलाश में निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लास्टिक के थैले में अवैध शराब रखकर बटराली एनएच-30 से सिंगनपुर की ओर बिक्री के उद्देश्य से जा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवलाल नेताम (43 वर्ष) निवासी बहीगांव कोनाडीपारा, थाना केशकाल, जिला कोंडागांव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 11 पौवा देशी प्लेन मदिरा, 9 पौवा अंग्रेजी शराब तथा 17 बोतल सिम्बा बीयर बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 14.650 लीटर पाई गई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई तथा आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हेमंत देवांगन, आरक्षक लिलेश्वर ध्रुव, अमित मंडावी, मनोहर निषाद, गिरजु मरकाम, मानिक मरापी, अरुण मंडावी और डमरू बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. पुलिस ने 14.65 लीटर शराब जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, लेकिन यह शराब उसे सप्लाई करने वाला मुख्य स्रोत कौन है और उस सप्लाई चेन तक पहुंचने के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है?

2. जिस मार्ग से आरोपी शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा था, क्या उस क्षेत्र में पहले भी अवैध शराब की शिकायतें मिली हैं? यदि हां, तो बार-बार ऐसे मामले सामने आने के बावजूद स्थायी रोकथाम की क्या रणनीति है?

3. आरोपी केवल शराब की ढुलाई कर रहा था या उसके पीछे कोई संगठित अवैध शराब नेटवर्क भी सक्रिय है? पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है या मामला केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी तक सीमित रहेगा?

Post a Comment

Previous Post Next Post