| बीजापुर; झिरिया से नल तक: कोसलनार-1 में बदली पानी की तस्वीर, अब 186 परिवारों तक पहुंच रहा स्वच्छ जल Aajtak24 News |
बीजापुर - दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में प्रशासनिक प्रयास अब जमीन पर असर दिखाने लगे हैं। भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम कोसलनार-1 में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ऐसी व्यवस्था तैयार की है, जिससे गांव के 186 परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुसार ग्राम के 10 पारा में रहने वाले परिवारों तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 25 हैंडपंप और 9 सोलर ड्यूल पंप संचालित किए जा रहे हैं। विभाग का दावा है कि इन जल स्रोतों की नियमित निगरानी और निरीक्षण भी किया जा रहा है ताकि आपूर्ति बाधित न हो।
विशेष रूप से सरपंच पारा में रहने वाले 11 परिवारों के लिए अलग से एक हैंडपंप और एक सोलर ड्यूल पंप की व्यवस्था की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर पानी की उपलब्धता बनी रहे और ग्रामीणों को दूर नहीं जाना पड़े। हालांकि प्रशासन के सामने चुनौती केवल जल स्रोत उपलब्ध कराने की नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में बदलाव लाने की भी है। विभाग ने बताया कि कुछ ग्रामीण अब भी परंपरागत रूप से झिरिया और नदी के पानी का उपयोग करते हैं। ऐसे परिवारों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि वे सुरक्षित और परीक्षण किए गए पेयजल स्रोतों का इस्तेमाल करें।
विभाग के अनुसार पेयजल की गुणवत्ता जांच समय-समय पर की जा रही है ताकि ग्रामीणों तक स्वच्छ और सुरक्षित पानी पहुंचे तथा जलजनित बीमारियों की संभावना कम हो। प्रशासन का उद्देश्य केवल पानी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुरक्षा को भी मजबूत करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर आधारित जल आपूर्ति व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक टिकाऊ मॉडल माना जा रहा है। कोसलनार-1 में लागू यह व्यवस्था अब अन्य क्षेत्रों के लिए भी उदाहरण बन सकती है।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. जब गांव में 25 हैंडपंप और 9 सोलर ड्यूल पंप संचालित हैं, तो अब भी कितने परिवार झिरिया या नदी का पानी पीने को मजबूर हैं और इसकी वास्तविक वजह क्या है?
2. विभाग द्वारा जल गुणवत्ता जांच की बात कही गई है—पिछले एक वर्ष में कितने जल नमूनों की जांच हुई और कितने असुरक्षित पाए गए?
3. यदि किसी हैंडपंप या सोलर ड्यूल पंप में खराबी आती है, तो उसकी मरम्मत के लिए तय समयसीमा और जवाबदेह तंत्र क्या है?