वाह रे नगर निगम अधिकारियों... पूरी बारिश बीती अब बना रहे रिचार्ज शाफ्ट Aajtak24

वाह रे नगर निगम अधिकारियों... पूरी बारिश बीती अब बना रहे रिचार्ज शाफ्ट Aajtak24 

इंदौर - नगर निगम इंदौर के अधिकारी भी गजब है। पूरी बारिश बीत गई अब वाटर रिचार्जिंग शाफ्ट बनवाई जा रही है। ऐसे में यह प्रश्न उठना लाजिमी है कि जब मौसम बीतने के बाद बारिश ही नहीं होगी तो वाटर रिचार्जिंग कैसे होगा। जब बारिश भरपूर हो रही थी ऐसे मौसम के पूर्व यदि वाटर रिचार्जिंग शाफ्ट बनाई जाती तो बारिश का पानी जमीन में उतारने में मदद मिलती। अब भला बारिश के बाद इस वाटर रिचार्जिंग शाफ्ट का कोई लाभ मिले यह संभव नहीं है। निगम अधिकारी कमीशनखोरी के चक्कर में फॉर्मेलिटी पूरी कर रहे हैं। इससे यह भी फायदा कम ही मिलने की उम्मीद है कि अगले वर्ष बारिश में इसका लाभ मिलेगा, क्योंकि तब तक निगम अधिकारी कमीशनखोरी के लिए कोई नई प्लानिंग सामने लाएंगे। इसके पूर्व शहर भर में हर वार्ड में बनाए गए वाटर रिचार्जिंग सेंटर भी वर्तमान में नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण बर्बाद हो चुके हैं।

जानकारी अनुसार नगर निगम के झोन 15 के अंतर्गत वार्ड 71 के द्रविड़ नगर पुलिस लाइन मैदान में वाटर रिचार्जिंग शाफ्ट बनाई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि कई अन्य जगह अभी इस प्रकार का निर्माण कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि इसका निर्माण स्वच्छ भारत मिशन नगर निगम द्वारा करवाया जा रहा है। ऐसे में यह प्रश्न उठता है कि अब जबकि बारिश का मौसम पूरी तरह बीत चुका है और मानसून विदाई की ओर है, ऐसे में वाटर रिचार्जिंग शाफ्ट का निर्माण करवा कर नगर निगम का स्वच्छ भारत मिशन क्या संदेश देना चाह रहा है। जब बारिश होना ही नहीं है तो वाटर रिचार्जिंग अर्थात जमीन में पानी कहां से और कैसे जाएगा। इसके पूर्व स्वच्छ भारत मिशन द्वारा ही शहरभर के हर वार्ड में लाखों रुपए लोकधन खर्च कर वाटर रिचार्जिंग सेंटर बनाए जा चुके हैं, जो वर्षों से बर्बाद हालत में पड़े हैं। इन्हें दुरुस्त करने के लिए आज तक 24 बारिश के पहले गर्मी के मौसम में ही नगर निगम अधिकारियों को कई बार नींद से जाग चुका है, लेकिन एक भी वाटर रिचार्जिंग सेंटर को दुरुस्त नहीं किया गया।

पूर्व में लाखों रुपए लोकधन खर्च कर बनाए गए वाटर रिचार्जिंग सेंटर, जो वर्तमान में बर्बाद हो चुके हैं


Post a Comment

Previous Post Next Post