![]() |
| पंजाब में 7 सितंबर तक बंद रहेंगे सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय, हरियाणा तक पहुंचा बाढ़ का असर Aajtak24 News |
चंडीगढ़ - पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की गंभीर स्थिति के कारण, राज्य सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को 7 सितंबर, 2025 तक बंद रखने का फैसला किया है। यह घोषणा राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर की है। मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर बताया, "बाढ़ की स्थिति को देखते हुए, पंजाब में सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा पॉलिटेक्निक 7 सितंबर, 2025 तक बंद रहेंगे।" उन्होंने सभी से स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील भी की है। इससे पहले सरकार ने 3 सितंबर तक शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टियां घोषित की थीं, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
पंजाब में बाढ़ के हालात बदतर
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद सतलुज, ब्यास और रावी नदियों में उफान आ गया है, जिससे पंजाब के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है। राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक 30 लोगों की जान जा चुकी है और 3.50 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
हरियाणा में भी अलर्ट
पंजाब के साथ-साथ पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी भारी बारिश और बाढ़ ने हालात खराब कर दिए हैं। राज्य प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है, खासकर पंजाब से सटे यमुनानगर और अंबाला जैसे जिलों में। मंगलवार को पूरी रात हुई मूसलाधार बारिश और यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। अंबाला में बीते 24 घंटों में 105.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिला प्रशासन ने अगले दो दिनों के लिए सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। अंबाला से होकर बहने वाली टांगरी नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है और बुधवार दोपहर तक इसके खतरे के निशान से ऊपर जाने की आशंका है। प्रशासन ने नदी के किनारे बसी कॉलोनियों के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
