आरोपों के चलते जिन्हें हटाया वे फिर बने झोनल अधिकारी adhikari Aajtak24 News


नगर निगम में 22 झोन के झेडओ की नए सिरे से पदस्थापना

इंदौर। नगर निगम इंदौर अजब भी है और गजब भी है। यहां जो हो जाए वही कम है। कुछ ऐसा ही नए सिरे से नियुक्त किए गए झोनल अधिकारियों की लिस्ट से प्रतीत होता है। बड़ी संख्या में किए गए ट्रांसफर के बाद जो लिस्ट नए सिरे से झोनल अधिकारियों की पदस्थापना की जारी की गई है, उसमें कई अधिकारी ऐसे शामिल हैं जिन्हें विवादों के चलते हटाया गया था। इनमें सबसे ऊपर यदि किसी का नाम लिया जा सकता है तो झोन नंबर 3 के झेडओ रहे धीरेंद्र बायस का नाम है, जिन्हें नगर निगम मार्केट में सार्वजनिक मूत्रालय के स्थान पर अतिक्रमण होने के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण हटाया गया था। बायस को फिर से झोनल अधिकारी बनाया गया है। वहीं नदीम खान को पांचवीं बार झोन 15 का झेइओ बनाया है। अन्य भी कई अधिकारी हैं जिन्हें विवादों के चलते हटाया गया था। जानकारी अनुसार निगमायुक्त शिवम वर्मा ने सभी 22 झोन पर झोनल अधिकारियों की नए सिरे से पदस्थापना की है। इसमें झोन 15 पर नदीम खान को पदस्थ किया है। उपयंत्री नदीम खान झोन 15 पर पांचवीं बार पदस्थ किए गए हैं। झोन 18 पर कार्यरत रहते स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला के निर्देश की अनदेखी के चलते नदीम खान को ड्रेनेज में पदस्थ किया गया था। वहीं झोन 3 के झेडओ रहते धीरेंद्र बायस को चिमनबाग स्थित सार्वजनिक मूत्रालय की जगह किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के चलते हटाया गया था। बायस को एक बार फिर झोनल अधिकारी बनाया गया है। इस बार इन्हें झोन नंबर 19 सौंपा गया है। सूत्र बताते हैं कि बायस कल ही बहाल हुए हैं। वैभव देवलासे को भी झोन 21 का झोनल अधिकारी बनाया गया है। झोन 19 पर पदस्थापना के दौरान यहां हुए अवैध निर्माण के चलते देवलासे खासे चर्चा में रह चुके हैं। अन्य झोनल अधिकारियों में मनोज कुमार जैन को झोन 1, हेमंत मिश्रा को झोन 2, राज ठाकुर को झोन 3,  सालकराम सितोले को झोन 4, अवधेश जैन को झोन 6, सुनील सिंह जादौन को झोन 7, प्रकाश नागर को झोन 8, मोहित मिश्रा को झोन 10, शांतिलाल यादव को झोन 12, तन्मय सिंह चौहान को झोन 13,  लोकेश शर्मा को झोन 14, निर्माता हिंडोलिया को झोन 16, जुगल किशोर बारपेटे को झोन 18 और आनंद रैदास को झोन 22 पर पदस्थ किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post