मीडिया ग्रुप में वरिष्ठ अधिकारियों पर आपत्तिजनक कमेंट करने वाले दो पटवारी निलंबित nilambit Aajtak24 News

 

कलेक्टर आशीष सिंह ने अधिकारियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने पर उठाया सख्त कदम

इंदौर - वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट करना इंदौर के दो पटवारी को महंगा पड़ गया। मामला जैसे ही कलेक्टर आशीष सिंह के संज्ञान में आया उन्होंने दोनों पटवारियों को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि एक मीडिया ग्रुप में किए गए इन कमेंट से वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमा को ठेस पहुंची है। जानकारी अनुसार एक मामला तहसील राऊ के पटवारी चेतन उपाध्याय का है, जिन्होंने शुक्रवार को व्हाट्सएप मीडिया ग्रुप में वरिष्ठ अधिकारी पर दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी की। यह कृत्य सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया। इसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है। इस दौरान उनका मुख्यालय अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय, इंदौर निर्धारित किया है। वहीं दूसरा मामला तहसील सांवेर के पटवारी धर्मेन्द्र गुप्ता का है। उन्होंने भी उसी दिन व्हाट्सएप ग्रुप में वरिष्ठ अधिकारी के विरुद्ध अनुचित टिप्पणी की। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए वहीं मुख्यालय आवंटित किया है। कलेक्टर आशीष सिंह ने यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत की गई है। दोनों निलंबित पटवारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर आशीष सिंह का यह निर्णय प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post