![]() |
MP मंत्रालय के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! 13 साल बाद मंत्रालय भत्ता बढ़ा, मई की सैलरी में मिलेगा लाभ labha Aajtak24 News |
भोपाल - मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए नए वित्तीय वर्ष में खुशियों की बहार आई है। महंगाई भत्ते में वृद्धि, प्रमोशन और नई ट्रांसफर पॉलिसी के बाद अब राजधानी भोपाल में मंत्रालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को एक और बड़ी सौगात मिली है। मोहन सरकार ने मंत्रालय में पदस्थ अफसरों और कर्मचारियों के 'मंत्रालय भत्ते' में भारी बढ़ोत्तरी कर दी है, जिसका लाभ उन्हें मई महीने की सैलरी के साथ ही मिलेगा। इस फैसले से मंत्रालय के सभी कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
दरअसल, मंत्रालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के मंत्रालय भत्ते में पिछले 13 सालों से कोई बदलाव नहीं हुआ था। लेकिन अब राज्य सरकार ने इस भत्ते में सीधे 2.57 गुना तक की वृद्धि कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बढ़ा हुआ भत्ता मई महीने के वेतन में जोड़कर दिया जाएगा, ताकि कर्मचारियों और अधिकारियों को इसका तत्काल लाभ मिल सके। 13 साल बाद हुई इस वृद्धि से मंत्रालय के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।
गौरतलब है कि मंत्रालय के कर्मचारियों को अब तक 30 अगस्त 2013 के अनुसार महंगाई भत्ता मिल रहा था। लेकिन अब इसे 1 अप्रैल 2025 से बढ़ाया गया है। इसके चलते कर्मचारियों और अधिकारियों को अप्रैल माह का एरियर भी प्राप्त होगा। इस बढ़े हुए मंत्रालय भत्ते का लाभ सचिव, अपर सचिव, उप सचिव, स्टाफ ऑफिसर, अनुभाग अधिकारियों, निज सचिव, निज सहायक, स्टेनोग्राफर, अनुभाग अधिकारी, सहायक ग्रेड-2 और सहायक ग्रेड-3 सहित मंत्रालय में कार्यरत सभी कर्मचारियों को मिलेगा।
यह उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश सरकार ने पहले ही सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि की घोषणा कर दी थी। इसके अतिरिक्त, सातवें वेतनमान के अनुसार भी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को महंगाई भत्ता दिए जाने का ऐलान सरकार द्वारा पहले ही किया जा चुका है। मंत्रालय भत्ते में यह ताजा वृद्धि निश्चित रूप से मंत्रालय के कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण वित्तीय राहत लेकर आई है।