उत्तर बस्तर कांकेर - 02 अक्टूबर 2024: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग भारत सरकार और समाज कल्याण छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार, आज से 08 अक्टूबर तक नशामुक्त भारत अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में, पंचायत स्तर पर गठित भारतमाता वाहिनी के सहयोग से नशामुक्ति कार्यक्रम के तहत जन जागरूकता विकसित की जाएगी। उप संचालक समाज ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नशामुक्ति के पक्ष में व्यापक जनमत विकसित करना है।
इस दौरान रैली, नुक्कड़ नाटक, सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मानव श्रृंखला, और नशापान नहीं करने का संकल्प कराया जाएगा। शैक्षणिक संस्थाओं में व्याख्यान, चित्रकला, भाषण, गीत, और नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा, नशामुक्ति स्लोगन का दीवार लेखन, नशापीड़ित व्यक्तियों से संवाद कर दुष्परिणामों की जानकारी देना, नशामुक्ति ब्रोशर और साहित्य का वितरण, और प्रचार रथ तथा एलईडी टी.वी. के माध्यम से नशापान के दुष्परिणामों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, अन्य शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों, और विभिन्न समारोहों में नशामुक्ति पर केन्द्रित प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही, योगाभ्यास विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में नशामुक्ति हेतु योग का अभ्यास भी कराया जाएगा।