ठंड से मिली राहत, किंतु फिर बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज | Thand se mili rahat kintu fir bhi bigad sakta hai mousam

ठंड से मिली राहत, किंतु फिर बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज

ठंड से मिली राहत, किंतु फिर बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज
फ़ाइल फ़ोटो

भोपाल (ब्यूरो रिपोर्ट) - मौसम शुष्क होने के साथ ही हवाओं के रुख में परिवर्तन होने से दिन और रात तापमान में इजाफा होने लगा है। इससे जहां दिन में धूप में तल्खी बढ़ने लगी है, वहीं रात में भी ठंड से कुछ राहत मिलने लगी है। हालांकि मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने की संभावना है। इसके तहत बादल छाएंगे और गरज-चमक के साथ राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बरसात भी हो सकती है। 16 फरवरी से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला 19 फरवरी तक जारी भी रह सकता है। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी। हालांकि रात का तापमान बढ़ा हुआ रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने से अभी तीन-चार दिन तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने से धूप के तेवर तीखे होंगे। धूप में तल्खी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। इसी तरह रात्रि का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। वर्तमान में हवा का रुख भी बदलकर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हो गया है।

इस वजह से भी तापमान बढ़ने लगा है। 14-15 फरवरी को हवाओं के साथ बंगाल की खाड़ी से वातावरण में कुछ नमी आने की संभावना है। इससे 16 फरवरी से मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। बादल छाने लगेंगे और राजधानी सहित प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाके में बरसात भी होगी। बारिश का सिलसिला 19 फरवरी तक जारी रहने के आसार बन सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post