मौसम ने फ‍िर ली करवट, ठिठुरन से फ‍िलहाल रहेगी राहत | Mausam ne fir li karwat

मौसम ने फ‍िर ली करवट, ठिठुरन से फ‍िलहाल रहेगी राहत

मौसम ने फ‍िर ली करवट, ठिठुरन से फ‍िलहाल रहेगी राहत
File Photo

भोपाल (ब्यूरो रिपोर्ट) - MP Weather Update - आसमान साफ रहने के साथ ही हवाओं का रुख बदलने से दिन और रात के तापमान में इजाफा होने लगा है। दो दिन पहले गुनगुनी लगने वाली धूप अब दोपहर के समय चुभने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार से हवा का रुख फिर उत्तरी होने की संभावना है। इससे एक बार फिर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट होने लगेगी और वातावरण में सिहरन बढ़ने लगेगी। लगातार दो दिन से दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी है। दरअसल पिछले कुछ दिनों से लगातार उत्तरी हवा चल रही थी। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान गिर रहा था। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने लगा है।

वर्तमान में हवा कभी उत्तर-पूर्वी तो कभी दक्षिण-पूर्वी चलने लगती हैं। इससे दिन के अलावा रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। इस पश्चिमी विक्षोभ के गुरुवार को उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने की संभावना है। इसके बाद एक बार फिर हवा का रुख उत्तरी होने लगेगा। इससे वातावरण में सिहरन बढ़ जाएगी। साथ ही सर्द हवाओं के कारण रात और दिन के तापमान में गिरावट होने लगेगी।

मौसम विज्ञानी साहा के मुताबिक 24 के बाद 26 दिसंबर को भी नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने के आसार है, लेकिन इन सिस्टम की आवृति कमजोर दिख रही है। इस वजह से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी तो होगी, लेकिन इन सिस्टम के कारण कोई प्रेरित चक्रवात या प्रति-चक्रवात बनने की संभावना कम है। इससे हवा का रुख उत्तरी ही बना रहने की संभावना अधिक है। मौसम भी शुष्क बना रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव दिसंबर के अंत तक बना रह सकता है।

Post a Comment

0 Comments